प्रधानमंत्री आज इटली के लिए रवाना होंगे। लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी का यह पहला विदेशी दौरा है। G7 शिखर सम्मेलन के अलावा पीएम मोदी की इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी होगी…
नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज इटली के लिए रवाना होंगे। इटली के फसानो में आज से तीन दिवसीय जी 7 शिखर सम्मेलन का आगाज हो रहा है। इसमें पीएम मोदी भी शिरकत करेंगे। लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी के नए कार्यकाल का यह पहला विदेशी दौरा है।
प्रधानमंत्री के पहुंचने से पहले इटली में भारत की राजदूत वाणी राव ने कहा कि पीएम मोदी वैश्विक मंच पर महत्वपूर्ण रोल अदा करेंगे। एएनआई से बात करते हुए, दूत वाणी राव ने बताया कि पीएम मोदी भारत की जी-20 अध्यक्षता के दौरान हुए कुछ प्रमुख मुद्दों पर भी यहां चर्चा करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे। इटली इस साल जी-7 समिट की अध्यक्षता कर रहा है। इटली के मुताबिक, रूस के यूक्रेन पर आक्रामक युद्ध ने दुनिया में अस्थिरता को बढ़ावा दिया है, जिससे दुनियाभर में कई तरह के संकट भी पैदा हुए हैं। इटली के अनुसार जी-7 मध्य पूर्व के संघर्ष और उससे होने वाले परिणामों को वैश्विक एजेंडे के तौर पर पूरा महत्व देगा।
















