आवेदन में कहा गया है कि दो अप्रैल 2021 को 10 लाख रुपये रंगदारी टैक्स मांगी गई थी. इसके अलावा यह भी आरोप लगाया गया है कि साल 2023 में दुर्गा पूजा के दौरान मोबाइल एवं व्हाट्सएप कॉल पर 15 लाख रुपये और दो सोफा सेट मांगने के साथ-साथ धमकी एवं गाली गलौज की गई थी…
पूर्णिया (ए)। पूर्णिया लोकसभा सीट से निर्दलीय चुनाव जीतने वाले पप्पू यादव पर रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में मुफस्सिल थाने में सोमवार (10 जून) को एफआईआर दर्ज कराई गई है. रंगदारी मांगने के मामले में एक फर्नीचर व्यवसायी ने थाने में लिखित शिकायत की है।
आवेदन में कहा गया है कि दो अप्रैल 2021 को राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की ओर से 10 लाख रुपये रंगदारी टैक्स मांगी गई थी. इसके अलावा यह भी आरोप लगाया गया है कि साल 2023 में दुर्गा पूजा के दौरान मोबाइल एवं व्हाट्सएप कॉल पर 15 लाख रुपये और दो सोफा सेट मांगने के साथ-साथ धमकी एवं गाली गलौज की गई थी।
फर्नीचर व्यवसायी ने लिखित आवेदन में कहा है कि लोकसभा चुनाव के दौरान भी सांसद राजीव रंजन उर्फ पप्पू यादव के खास अमित यादव ने फोन किया था. पांच अप्रैल 2024 को मोबाइल पर करीब 10 से 15 कॉल करके पप्पू यादव के आवास अर्जुन भवन पर बुलाया गया था. साथ में 25 लाख रुपये रंगदारी मांगी गई थी।
फर्नीचर व्यवसायी ने यह भी कहा है कि बीते चार जून को दोबारा मोबाइल पर अमित यादव की ओर से धमकी दी गई. कहा गया कि पांच साल पूर्णिया में ही रहना है और एक करोड़ रुपया नहीं देने पर पूर्णिया छोड़कर जाने के साथ जान से मारने की उसने धमकी भी दी।
उधर इस मामले में फर्नीचर व्यवसायी की शिकायत के आधार पर पूर्णिया के मुफस्सिल थाने में सांसद पप्पू यादव और अमित यादव पर केस दर्ज हुआ है। धारा- 385/504/506/34 के तहत मुफस्सिल थाने में कांड संख्या 93/2024 दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है. इस पूरे मामले पर अभी सांसद पप्पू यादव की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
















