नरेंद्र मोदी ने लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ले ली है। उनके बाद राजनाथ सिंह, अमित शाह से लेकर जयशंकर और निर्मला सीतारमण ने भी एक बार फिर मंत्री पद की शपथ ली। इसके अलावा जेडीएस के कुमारस्वामी, हम के जीतनराम मांझी ने भी शपथ ली…
नईदिल्ली (ए)। नरेन्द्र मोदी लगातार तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री बन गए हैं. राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम में नरेंद्र मोदी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में बीजेपी के नेतृत्व में एनडीए ने बहुमत हासिल किया है। नरेंद्र मोदी भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के बाद लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने वाले दूसरे नेता है, नेहरू ने 1952, 1957 और 1962 के आम चुनावों में जीत हासिल की थी।
मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ लेने वालों में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, हरियाण के पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर, एचडी कुमारस्वामी, पीयूष गोयल का नाम शामिल हैं। इसके अलावा, धर्मेंद्र प्रधान, जेडीयू के कोटे से ललन सिंह, वीरेंद्र कुमार, राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी, जेपी नड्डा, निर्मला सीतारमण, एस जयशंकर, जीतन राम मांझी, सर्बानंद सोनोवाल, राममोहन नायडू, प्रह्लाद जोशी जुएल ओरांव, गिरिराज सिंह, अश्विनी वैष्णव, ज्योतिरादित्य सिंधिया, भूपेंद्र यादव, गजेंद्र सिंह शोखावत, अन्नपूर्ण देवी,किरण रिजिजू, हरदीप सिंह पुरी, मनसुख मांडविया, जी.किशन रेड्डी, चिराग पासवान ने शपथ लिया।
शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्य़क्ष मल्लिकार्जुन खरगे, उद्योगपति मुकेश अंबानी, सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ भी शामिल हुए। इसके अलावा पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और ओडिशा के राज्यपाल रघुवर दास शामिल हुए।
शपथ ग्रहण समारोह में श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे, मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जु, सेशेल्स के उपराष्ट्रपति अहमद अफीफ, बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना, मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ, नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल ‘प्रचंड’ और भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे शामिल हुए।
पीएम मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियां शामिल हुईं. इसमें गौतम अडानी, मुकेश अंबानी समेत तमाम उद्योगपति शामिल हुए. इसके अलावा अभिनेता शाहरुख खान, अक्षय कुमार, रजनीकांत समेत तमाम अभिनेताओं ने हिस्सा लिया।
शपथ ग्रहण से पहले पीएम मोदी ने संभावित मंत्रियों के साथ चाय पर चर्चा की. इस दौरान पीएम मोदी ने 100 दिन के रोडमैप पर चर्चा की और उसे लागू करने के निर्देश दिए. पीएम मोदी ने बैठक के दौरान कैबिनेट के अपने साथियों से कहा कि 100 दिन के एजेंडे की कार्ययोजना को जमीन पर उतारना है और पेंडिंग योजनाओं को पूरा करना है।
दिल्ली पुलिस ने प्रधानमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर निषेधाज्ञा लागू कर दी है. साथ ही 9 और 10 जून को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को नो फ्लाई जोन घोषित किया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर एसपीजी, राष्ट्रपति के सुरक्षा गार्ड, आईटीबीपी, दिल्ली पुलिस, खुफिया विभाग, अर्धसैनिक बलों के जवान, एनएसजी के ब्लैक कैट कमांडो और एनडीआरएफ की टीमें मौजूद रहेगी।
















