पीएम मोदी ने कहा, “आपने दिल्ली में स्कूलों के बगल में शराब के ठेके खोलकर बच्चों की जिंदगियों के साथ खिलवाड़ किया. सिर्फ घोटाला करने के लिए…
नईदिल्ली (ए)। शराब मामले को लेकर अरविंद केजरीवाल को जेल जाना पड़ा है। उनका कहना है कि ईडी ने जबरदस्ती उन्हें इस मामले में घसीटा है जबकि अब तक उनके पास से कोई पैसा बरामद नहीं हुआ। जब यह सवाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि आपने कभी किसी ऐसे व्यक्ति के बारे में सुना है जो आरोपी हो और ये कह रहा हो कि उसने घोटाला किया था। या कह रहा हो कि पुलिस ने उसे सही गिरफ्तार किया है। यदि एजेंसियों ने उन्हें गलत पकड़ा था, तो कोर्ट से उन्हें राहत क्यों नहीं मिली। ईडी और एजेसिंयो पर आरोप लगाने वाला विपक्ष आज तक एक मामले में ये साबित नहीं कर पाया है कि उनके खिलाफ गलत आरोप लगा है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आबकारी नीति के कथित घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में गिरफ्तार किया था. उसके बाद वो तिहाड़ जेल में बंद रहे और इसी महीने उन्हें सुप्रीम कोर्ट ने 1 जून तक के लिए अंतरिम जमानत पर छोड़ दिया. इसको लेकर कई तरह के सवाल भी उठे. मामले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी बात रखी है।
पीएम मोदी ने कहा कि किसी को जेल भेजने वाला कोई नहीं होता. अगर किसी ने गलत काम किया है तो उसको सजा भी जरूर मिलनी चाहिए. कोई किसी को जेल में नहीं डाल सकता. नोटों के पहाड़ पकड़े जा रहे हैं और सरकार इस पर कुछ कार्रवाई न करे तो जनता ही कहेगी कि ये कैसी सरकार है जो कुछ कर ही नहीं रही है. नोटों के पहाड़ तो सभी ने देखे हैं।”
अरविंद केजरीवाल का नाम लिए बगैर पीएम मोदी ने आम आदमी पार्टी के संयोजक पर हमला करते हुए कहा, “आपने दिल्ली में स्कूलों के बगल में शराब के ठेके खोलकर बच्चों की जिंदगियों के साथ खिलवाड़ किया. सिर्फ घोटाला करने के लिए. अगर किसी को न्यायिक प्रक्रिया को देखना है तो सुप्रीम कोर्ट ने झारखंड के सीएम के लिए क्या है, दिल्ली के मंत्री के लिए हाई कोर्ट ने क्या कहा है? निर्णय तो कोर्ट करती है, हम नहीं करते. न हम किसी को जेल भेज सकते हैं और किसी को जेल में रख सकते हैं।”
पीएम मोदी ने ईडी की कार्रवाई की तारीफ करते हुए कहा, “अगर रेलवे के टिकट चेकर को सैलरी मिलती है तो उसका काम है टिकट को चेक करे और बिना टिकट वालों को पनिश करे. ये उसका काम है. कहीं 1500 करोड़ का हेरोइन पकड़ा गया तो उसको पकड़ने वाली की तारीफ करनी चाहिए. किसी गांव में चोरी हो जाती है और पुलिस वाला उस चोरी को पकड़ लेता है तो गांव वाले उसका सम्मान करते हैं कि नहीं करते. उसी तरह ईडी 2200 करोड़ का कैश पकड़कर लाई है तो उसका तो सार्वजनिक तौर पर सम्मान होना चाहिए।”
वो कुछ दिन के लिए जमानत पर बाहर आए हैं, लेकिन बाहर आकर वो और एक्सपोज हो गए। वो और उनके लोग गलतियां कर रहे हैं और आरोप बीजेपी पर लगा रहे हैं। लेकिन जनता उनका सच जानती है। उनकी बातों की अब कोई विश्वसनीयता नहीं रह गई है। इस बार दिल्ली में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। इससे क्या लगातार दो बार से सातों सीटें जीतने के क्रम में बीजेपी को कुछ दिक्कत हो सकती है। साथ ही इस बार बीजेपी ने छह उम्मीदवार बदल दिए।
पीएम मोदी ने इस सवाल के जवाब में कहा कि इंडी गठबंधन की पार्टियां दिल्ली में हारी हुई लड़ाई लड़ रहे हैं।उनके सामने अपना अस्तित्व बचाने का संकट है। चुनाव के बाद वैसे भी इंडी गठबंधन नाम की कोई चीज बचेगी नहीं। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने बहुत पहले कांग्रेस को बाहर कर दिया था,अब दूसरे दलों के साथ मिलकर वो अपनी मौजूदगी दिखाना चाहते हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली में इंडी गठबंधन की जो पार्टियां हैं, उनकी पहचान दो चीजों से होती है। एक तो भ्रष्टाचार और दूसरा बेशर्मी के साथ झूठ बोलना। मीडिया के माध्यम से ये जनता की भावनाओं को बरगलाना चाहते हैं। झूठे वादे देकर ये लोगों को गुमराह करना चाहते हैं। ये जनता के नीर-क्षीर विवेक का अपमान है। जनता आज बहुत समझदार है, वो फैसला करेगी।
बीजेपी ने लोगों के हित को ध्यान में रखते हुए अपने उम्मीदवार उतारे हैं। बीजेपी में कोई लोकसभा सीट नेता की जागीर नहीं समझी जाती। जो जनहित में उचित होता है, पार्टी उसी के अनुरूप फैसला लेती है। हमारे लिए राजनीति सेवा का माध्यम है। यही वजह है कि हमारे कार्यकर्ता इस बात से निराश नहीं होते कि टिकट कट गया, बल्कि वो पूरे मनोयोग से जनता की सेवा में जुट जाते हैं।
















