BREAKING

छत्तीसगढ़देश-दुनियाफीचर्ड

बिग ब्रेकिंग: शाहीन बाग में दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, प्रदर्शन स्थल को कराया खाली…

नईदिल्ली। शाहीन बाग में संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ पिछले 100 दिनों से चल प्रदर्शन पर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने मंगलवार सुबह प्रदर्शन स्थल को पूरी तरह से खाली करवा लिया है। इसके अलावा वहां प्रदर्शन के दौरान लगाए गए टेंट को भी हटा दिया गया है। हालांकि, लोगों ने कहा कि हमने रात को ही कर्फ्यू के आशंका से प्रदर्शन स्थल खाली कर दिया था।

साउथ-ईस्ट दिल्ली के डीसीपी ने बताया कि शाहीन बाग में चल रहे प्रदर्शन वाली जगह से लोगों को हटा दिया गया है। आने-जाने के लिए रास्ते को खाली कराया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘इस कार्रवाई के लिए बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स बुलाई गई थी। हमने प्रदर्शन कर रहे लोगों से अपील की थी कि कोरोना वायरस के चलते लागू लॉकडाउन की वजह से यहां से हट जाएं। लेकिन उन्होंने इंकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें हटा दिया है।’ पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया है।

बता दें कि शाहीन बाग में सीएए के खिलाफ प्रदर्शन का मामला सुप्रीम कोर्ट में भी गया था। इसके बाद सुनवाई करते हुए कोर्ट ने दो वार्ताकारों को नियुक्त किया था। कोर्ट ने वार्ताकारों से कहा था कि वे प्रदर्शन स्थल पर जाकर प्रदर्शनकारियों से प्रदर्शन खत्म करने के लिए तैयार करें लेकिन वार्ताकार इसमें सफल नहीं हो सके थे।

इससे पहले शाहीन बाग में लोगों से 31 मार्च तक प्रदर्शन स्थल से दूरी रहने और घर बैठकर सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी मुहिम को जारी रखने की अपील की गई थी। लोगों को सलाह दी गई थी कि वह मंच, प्रदर्शनस्थल के आसपास एकत्रित न हों और कोरोना से बचाव के लिए हर संभव कदम उठाएं।

वहीं, रविवार को शाहीनबाग में किसी अज्ञात शख्स ने हमला कर दिया था। शख्स शाहीनबाग में पेट्रोल बम फेंककर फरार हो गया था। मामले की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद केस दर्ज कर लिया था।

Related Posts