BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

चुनावी मंच पर पीएम मोदी को मिला ‘मदर्स डे’ का खास तोहफा, कहा- ये दोनों मेरी मां की तस्वीर बनाकर लाए हैं

जब पीएम मोदी जनसभा को संबोधित कर रहे थे, तो उसी वक्त लोगों की भीड़ में से दो युवकों ने पीएम मोदी की मां की तस्वीर लहराई। जैसे ही पीएम मोदी की निगाह इन तस्वीरों पर पड़ी तो पीएम मोदी के चेहरे पर अनायास ही एक भावुक मुस्कान आ गई…

 

हुगली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को चुनाव प्रचार के लिए पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहे, जहां उन्होंने हुगली में एक जनसभा को संबोधित किया। इस जनसभा के दौरान एक भावुक पल आया, दरअसल जब पीएम मोदी जनसभा को संबोधित कर रहे थे, तो उसी वक्त लोगों की भीड़ में से दो युवकों ने पीएम मोदी की मां की तस्वीर लहराई। जैसे ही पीएम मोदी की निगाह इन तस्वीरों पर पड़ी तो पीएम मोदी के चेहरे पर अनायास ही एक भावुक मुस्कान आ गई।

पीएम मोदी ने तुरंत एसपीजी के जवान को निर्देश दिया और दोनों तस्वीरें अपने पास मंगाईं। मातृ दिवस के मौके पर ये तोहफा पाकर पीएम मोदी भाव-विभोर दिखाई दिए। इस दौरान अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा ‘पश्चिम के देशों में लोग इस दिन मातृ दिवस के रूप में मनाते हैं, लेकिन भारत में हम साल के हर दिन मां दुर्गा, मां काली और भारत माता की पूजा करते हैं। रैली में जिन लोगों ने मेरी मां की तस्वीर बनाई है। मैं एसपीजी कमांडो से अपील करता हूं कि वे तस्वीरें इकट्ठी कर लें। कृप्या तस्वीर के पीछे अपना पता भी लिख दीजिएगा। मैं आप दोनों को धन्यवाद देना चाहता हूं।’

पीएम मोदी को जो तस्वीर तोहफे में दी गईं, उनमें से एक में पीएम मोदी अपनी मां के चरणों में बैठे दिखाई दे रहे हैं और उनकी मां उन्हें कुछ बातें बतातीं दिख रही हैं। वहीं दूसरी तस्वीर में पीएम मोदी की मां हीराबेन उनके कंधे पर हाथ रखकर उन्हें दुलार करतीं दिख रही हैं। दुनिया हर साल मई महीने के दूसरे रविवार को मातृ दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस साल मातृ दिवस यानी 12 मई को मनाया गया।

वीडियो में देखा जा सकता है कि पीएम मोदी मंच से कहते हैं कि यहां दो सज्जन कोने में पेंटिंग बनाकर लाए हैं और कब से हाथ ऊपर करके खड़े हैं। आपके हाथों में दर्द हो जाएगा। लेकिन, आप इतने प्यार से पेंटिंग लेकर आए हैं और वो भी मेरी मां का चित्र बनाकर लाए हैं और पश्चिम की दुनिया आज ‘मदर्स डे’ मना रही है। हम भारत के लोग तो 365 दिन मां की भी पूजा करते हैं, दुर्गा मां और काली मां की भी पूजा करते हैं और भारत माता की भी पूजा करते हैं।

पीएम मोदी ने आगे कहा, ‘मैं अपने एसपीजी कमांडो से कहूंगा कि दोनों लोग जो मेरी मां का चित्र बनाकर लाए हैं, उनसे वह पेंटिंग लेकर मुझे दे दें। मंच से पीएम मोदी ने दोनों से अपना नाम और पता पेंटिंग के पीछे लिखने को भी कहा।’ उन्होंने कहा, ‘मैं जरूर आपको चिट्ठी लिखने का प्रयास करूंगा।’ इसके साथ ही पीएम मोदी ने दोनों लोगों का आभार भी व्यक्त किया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है और यूजर्स पीएम मोदी की खूब प्रशंसा कर रहे हैं। इससे पहले तेलंगाना के महबूबनगर में प्रधानमंत्री मोदी का दिव्यांग बहनों के लिए अनोखा प्रेम दिखाई दिया था।

हाल ही में पीएम मोदी एक इंटरव्यू में भी अपनी मां को याद करते हुए भावुक हो गए थे। पीएम मोदी की मां हीराबेन का बीते साल निधन हो गया था। इंटरव्यू में पीएम मोदी ने कहा कि यह पहला लोकसभा चुनाव है, जिसमें वह अपनी मां के पैर छुए बिना ही नामांकन दाखिल करने जाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी 14 मई को वाराणसी से नामांकन दाखिल करेंगे।

 

Related Posts