BREAKING

छत्तीसगढ़दुर्ग-भिलाईदेश-दुनियाफीचर्ड

कोरोना से लड़ने के लिए 25 मार्च तक रेल सेवाओं को बंद करने की तैयारी….

नईदिल्ली। कोरोना वायरस के चलते भारतीय रेलवे रविवार को बड़ा फैसला ले सकता है। सभी ट्रेनों का परिचालन 25 मार्च तक के लिए रोका जा सकता है। इस संबंध में रेलवे आज कोई जानकारी दे सकता है।

कोरोना वायरस को लेकर प्रधानमंत्री मोदी द्वारा घोषित जनता कर्फ्यू के मद्देनजर देश में आज कोई भी ट्रेन नहीं चल रही है। बीती रात से ही आज रात दस बजे के बीच किसी भी स्टेशन से कोई यात्री ट्रेन सफर शुरू नहीं कर रही है। भारतीय रेलवे कोरोना वायरस के चलते गैर-जरूरी यात्रा पर रोक लगाने के मकसद से अबतक 245 ट्रेनें रद्द कर चुका है।

मालूम हो कि भारत में कोरोना वायरस के मामले बढ़कर रविवार को 341 पर पहुंच गए। देश के विभिन्न हिस्सों से नए मामले सामने आए हैं। वहीं, अब तक छह लोगों की कोरोना वायरस से मौत हो चुकी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इन कुल मामलों में 41 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। इनमें से दिल्ली, कर्नाटक तथा महाराष्ट्र से अभी तक चार लोगों की मौत हो चुकी है। 

पंजाब में 31 मार्च तक लॉकडाउन

पंजाब सरकार ने कोरोना वायरस के खतरे के मद्देनजर रविवार को पूरे राज्य में 31 मार्च तक लॉकडाउन (बंदी) लागू करने का फैसला किया। पंजाब में अब तक कोरोनो वायरस के 14 मामले सामने आए हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यहां पीटीआई-भाषा से कहा, ‘पंजाब सरकार पूरे राज्य में 31 मार्च तक लॉकडाउन लागू करेगी।’

जनता कर्फ्यू: लोगों ने खुद को किया घरों में कैद

पीएम मोदी द्वारा जनता कर्फ्यू की अपील के बाद रविवार को पूरे देश में अभूतपूर्व बंदी देखने को मिल रही है। लाखों लोगों ने खुद को घरों के भीतर सीमित रखा, वहीं सड़कों पर इक्का दुक्का वाहन ही नजर आए। सुबह सात बजे से अगले 14 घंटे के लिए जनता कर्फ्यू प्रभावी होने के बाद लोगों ने सामाजिक दूरी बनाए रखने की पहल के तहत खुद को घरों के भीतर ही सीमित रखा और सार्वजनिक परिवहन के कुछेक वाहन खाली सड़कों पर नजर आए। 

Related Posts