रायपुर। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ रीना बाबा साहेब कंगाले ने लोकसभा निर्वाचन 2024 के अंतर्गत जगदलपुर में मतदान दलों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का जायजा लेते हुए कहा कि मतदान दल निर्वाचन में मतदान संबंधी दायित्वों को सहज एवं सरल तरीके से सम्पादित करने हेतु बारीकी से प्रशिक्षण प्राप्त करे। इस दौरान उन्होंने मतदान सम्बन्धी प्रत्येक पहलुओं की जानकारी लेने के साथ ही मतदान आरंभ करने के पूर्व की तैयारी, माकपोल सहित अन्य आवश्यक तैयारियों के लिए गहन प्रशिक्षण प्राप्त करने के निर्देश दिए।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती कंगाले ने मतदान दलों के प्रशिक्षण के दौरान मतदान दलों के अधिकारियों-कर्मचारियों को यूट्यूब में अपलोड निर्वाचन प्रशिक्षण सम्बन्धी वीडियो का अवलोकन कर प्रत्येक बिंदुओं की जानकारी लेने की समझाइश दी। उन्होंने संगवारी मतदान केन्द्रों पर मतदान करवाने वाले संगवारी मतदान दलों के महिला अधिकारियों से रूबरू होकर उनका मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि नारीशक्ति स्वयं शक्तिस्वरूपा है, जिसे प्रकृति ने अपार शक्ति दी है और जो हर कार्य को शांत और सौम्यता से सिद्ध कर दिखाती है। उन्होंने संगवारी मतदान दलों को बिना डरे पूरे आत्मविश्वास के साथ निर्वाचन दायित्व को सम्पन्न कराने की शुभकामनाएं दी।
इस दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने प्रशिक्षण हेतु मास्टर्स ट्रेनर्स द्वारा तैयार कम्प्यूटर पॉवर पाइंट प्रस्तुति, ईव्हीएम हेंडआन करने सम्बन्धी जानकारी, वाट्सअप के माध्यम से शंका समाधान इत्यादि को बेहतर प्रशिक्षण के लिए जरूरी निरूपित करते हुए इसे सराहा। इस मौके पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती कंगाले ने अनिवार्य सेवा श्रेणी के मतदाताओं के लिए डाक मतपत्र से मतदान करने हेतु सुविधा केन्द्र का भी अवलोकन कर मतदाताओं की सहायता एवं मार्गदर्शन हेतु स्थापित हेल्प डेस्क को सराहनीय प्रयास निरूपित किया। इस मौके पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विजय दयाराम के. सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबासाहेब कंगाले ने जगदलपुर में स्ट्रांग रूम का किया निरीक्षण: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ रीना बाबा साहेब कंगाले ने आज बस्तर जिले के प्रवास के दौरान लोकसभा निर्वाचन 2024 के प्रथम चरण अंतर्गत बस्तर लोकसभा क्षेत्र हेतु जगदलपुर में स्थापित स्ट्रांग रूम का निरीक्षण कर निर्वाचन सम्बन्धी तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निष्पक्ष एवं निर्विघ्न ढंग से निर्वाचन सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समयपूर्व सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती कंगाले ने स्ट्रांग रूम परिसर में बेरीकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था, कंट्रोल रूम, मतदान सामग्री वितरण के लिए आवश्यक तैयारियों का अवलोकन करते हुए सभी आवश्यक तैयारियों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण किया जाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्ट्रांग रूम की कड़ी सुरक्षा करने हेतु सतत निगरानी रखे जाने के निर्देश दिए। इस मौके पर उन्होंने मतदान दलों को ईव्हीएम मशीन तथा मतदान सामग्री वितरण हेतु व्यवस्था, मतदान केन्द्रों हेतु मतदान दलों की रवानगी के लिए वाहनों की व्यवस्था इत्यादि की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विजय दयाराम के. ने जिले में लोकसभा निर्वाचन हेतु तैयार कार्ययोजना की जानकारी देते बताया कि स्ट्रांग रूम से जिले के जगदलपुर,बस्तर एवं चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान केन्द्रों सहित नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के 82 मतदान केंद्रों के लिए मतदान दलों को मतदान सामग्री वितरित कर रवाना किया जाएगा।
वहीं मतदान पश्चात उक्त सभी मतदान दलों से ईव्हीएम मशीन तथा मतदान सामग्री प्राप्त की जाएगी। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत एवं नोडल अधिकारी स्वीप कार्यक्रम प्रकाश सर्वे सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
















