BREAKING

खास खबरछत्तीसगढ़फीचर्ड

बोर्ड परीक्षा आज से शुरू: मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री ने बोर्ड परीक्षार्थियों को दी शुभकामनाएं

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज 1 मार्च से 12 वीं और 2 मार्च से 10 वीं बोर्ड की शुरू हो रही परीक्षाओं में शामिल हो रहे विद्यार्थियों को अपनी शुभकामनाएं दीं है। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि आप सभी ने अच्छी तैयारी की होगी और आपका परीक्षा फल भी अच्छा रहेगा। मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संदेश में कहा कि आप सभी भय और तनाव मुक्त होकर परीक्षा में शामिल हो और अपना स्वाभाविक प्रदर्शन करें। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के ‘परीक्षा पे चर्चा‘ के दौरान बच्चों को दिए सुझावों का जिक्र करते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ा है, विद्यार्थी उनके टिप्स को जरूर अपनाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपके परिश्रम से परिणाम निर्धारित होते है। साल भर आपने जो पढ़ाई और मेहनत की है उसका अच्छा परिणाम आप सभी को मिलेगा। परीक्षाएं जीवन की सफलता का अंतिम पड़ाव नहीं है। पढ़ाई आपके जीवन में आगे बढ़ने के रास्ते को प्रशस्त करती है।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार द्वारा बोर्ड परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों के हित में एक बड़ा निर्णय लिया गया है। इस निर्णय अनुसार एक शैक्षणिक सत्र में दो बार बोर्ड की परीक्षाएं आयोजित की जाएगी। इन दोनों ही परीक्षाओं में विद्यार्थियों को जिसमें ज्यादा अंक मिलेगा उसके आधार पर परीक्षा परिणाम तैयार होगा।

शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने बोर्ड परीक्षार्थियों को दी शुभकामनाएं: शिक्षामंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने 1 मार्च से शुरू होने वाली 12वीं और 2 मार्च से शुरू होने वाली 10वीं बोर्ड परीक्षाओं में शामिल हो रहे विद्यार्थियों को अपनी शुभकामनाएं दी हैं। श्री अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा कि सभी विद्यार्थियों को बिना किसी तनाव के परीक्षा में शामिल होना चाहिए और अभिभावकों को भी इस घड़ी में बच्चों का मनोबल बढ़ाना चाहिए।

मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी तैयारी पर भरोसा रखना चाहिए और शांत मन से परीक्षा देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केवल ज्ञान की परीक्षा नहीं है, बल्कि यह एक अवसर है अपनी क्षमता का प्रदर्शन करने का। श्री अग्रवाल ने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे बच्चों पर अनावश्यक दबाव न डालें और उन्हें प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि इस समय बच्चों का मनोबल बढ़ाना सबसे महत्वपूर्ण है।

मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि सरकार ने परीक्षाओं को सुचारू रूप से आयोजित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार के अनुचित साधन का प्रयोग न करें। श्री अग्रवाल ने सभी विद्यार्थियों को परीक्षा में सफलता की शुभकामनाएं दीं।

Related Posts