कर्नाटक की रहने वाली जैसिंथा कल्याण महिला प्रीमियर लीग में पिच क्यूरेटर की भूमिका में है. वह भारत की पहली महिला पिच क्यूरेटर बन गई हैं…
कर्नाटक (ए)। बीसीसीआई सचिव जय शाह ने अपनी एक सोशल मीडिया पोस्ट में महिला पिच क्यूरेटर जैसिंथा कल्याण की जमकर तारीफ की है. उन्होंने लिखा है कि जैसिंथा कल्याण का पिच क्यूरेटर की भूमिका में आना भारत में क्रिकेट के विकसित परिदृश्य को दिखाता है।
जैसिंथा कल्याण कर्नाटक की रहने वाली हैं. वह बेंगलुरु से 80 किमी दूर स्थित गांव हरोबेले में पली बढ़ीं. वह पहले कर्नाटक राज्य क्रिकेट एसोसिएशन के ऑफिस में रिसेप्शनिस्ट थीं. बीते तीन दशकों में उन्हें अलग-अलग जिम्मेदारियां मिलीं और अब वह महिला प्रीमियर लीग के पहले चरण यानी बेंगलुरु में होने वाले सभी मुकाबलों की पिच को तैयार करने की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. इसी के साथ वह भारत की पहली महिला पिच क्यूरेटर बन गई हैं।
BCCI सचिव ने क्या लिखा?
जय शाह ने मंगलवार को जैसिंथा कल्याण की सराहना में एक पोस्ट किया. उन्होंने लिखा, ‘भारतीय क्रिकेट के लिए यह एक ऐतिहासिक पल रहा. जैसिंथा कल्याण हमारे देश की पहली महिला क्रिकेट पिच क्यूरेटर बनी. बेंगलुरु में महिला प्रीमियर लीग के उद्घाटन चरण के लिए पिच की तैयारी की कमान संभालना बताता है कि उनमें काम के प्रति कितना दृढ़ संकल्प है. वह बाधाओं को तोड़ने की इच्छा का प्रतीक बन गई हैं।’
जय शाह ने लिखा, ‘जैसिंथा की अभूतपूर्व उपलब्धि खेल के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और जुनून का प्रमाण है. महिला प्रीमियर लीग के लिए पिच की देखरेख में उनकी भूमिका भारतीय खेल जगत में एक महत्वपूर्ण मोड़ है, जो भारत में क्रिकेट के विकसित परिदृश्य को उजागर करती है।’
जय शाह ने यह भी लिखा कि हम महिला प्रीमियर लीग को आगे बढ़ते हुए देख रहे हैं. यह न केवल खिलाड़ियों के बारे में है बल्कि जैसिंथा कल्याण जैसे असाधारण शख्सियतों के बारे में भी है, जो पर्दे के पीछे खूब मेहनत करते हैं और खेल की सफलता में योगदान देते हैं।
In a historic stride for Indian cricket, Jacintha Kalyan has become the trailblazing pioneer as the first female cricket pitch curator in our nation. 🙌 Taking the helm of pitch preparation for the inaugural leg of the Women's Premier League in Bengaluru, Jacintha embodies the… pic.twitter.com/AVqLondy77
— Jay Shah (@JayShah) February 27, 2024















