BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

भाजपा अधिवेशन में बोले पीएम मोदी- अगले 5 साल में हमें विकसित भारत की तरफ एक लंबी छलांग लगानी है

भाजपा की दिल्ली में चल रही राष्ट्रीय अधिवेशन की बैठक का आज दूसरा दिन है। अधिवेशन में पीएम मोदी ने कहा, ‘अगले 100 दिन में हमें जुट जाना है। सभी वोटरों तक पहुंचना है। हर वर्ग, हर परंपरा तक पहुंचना है…

नईदिल्ली (ए)। भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन में अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने अपने  संबोधन में कहा ‘अगले 100 दिन में हमें जुट जाना है। सभी वोटरों तक पहुंचना है। हर वर्ग, हर परंपरा तक पहुंचना है। हमें सबका विश्वास हासिल करना है। और यह सबका प्रयास होगा तो देश की सेवा के लिए सबसे ज्यादा सीटें भी भाजपा को ही मिलेंगी।’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘कल मुझे पदाधिकारियों के साथ बैठने का अवसर मिला। मैं नड्डा जी को और उनकी पूरी टीम को और आप सबको बधाई देता हूं। जब मैं एक साल के काम की रिपोर्टिंग सुन रहा था, तब मैं इतना प्रभावित हुआ कि भाजपा के कार्यकर्ता सत्ता में रहने के बावजूद समाज के लिए इतना कार्य करते हैं।’

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘आज 18 फरवरी है और इस कालखंड में जो युवा 18 वर्ष के पड़ाव पर पहुंचें हैं, वो देश की 18वीं लोकसभा का चुनाव करने वाले हैं। अगले 100 दिन हम सबको जुट जाना है। हर नए वोटर, हर लाभार्थी, हर वर्ग, समाज, पंथ, परंपरा सबके पास पहुंचना है।’

‘हमे सबका विश्वास हासिल करना है। जब सबका प्रयास होगा, तो देश की सेवा के लिए सबसे ज्यादा सीटें भी BJP को ही मिलेंगी। इन दो दिनों में जो चर्चा और विचार-विमर्श हुआ है। ये देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए हमारे संकल्प को दृढ़ करने वाली बातें हैं।’

मिशन शक्ति से देश में महिला सशक्तिकरण का वातावरण तैयार होगा। पीएम विश्वकर्मा योजना से परंपरागत कला से जुड़ी बहनें सशक्त होंगी। गांव के पास ही बेहतर स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर बनेंगे तो बेटियां खेलों में कमाल करेंगी। बीते 10 वर्ष साहसिक फैसलों और दूरगामी निर्णयों के साल हैं। सदियों से लटके काम पूरे किए गए हैं। 500 वर्षों के इंतजार के बाद राम मंदिर का निर्माण किया। सात दशक के इंतजार के बाद देश को आर्टिकल 370 से मुक्ति मिली। चार दशक बाद वन रैंक वन पेंशन की सौगात मिली है। तीन दशक बाद लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को आरक्षण मिला है। दशकों से नए संसद भवन की जरूरत थी उसे हमने ही पूरा किया।

पीएम मोदी ने कहा कि कोई भी देश हो वो अपना भविष्य तभी संवार सकता है, जब वो अपने इतिहास को सहजकर रखता है। बीते वर्षों में भारत ने अपने इतिहास को संवारा भी है और सहेजा है। हमने दांडी में नमक सत्याग्रह के आधुनिक स्मारक का निर्माण किया है। बाबा आंबेडकर के पंच तीर्थों को विकसित किया। सरदार पटेल का स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी हमारी सरकार ने बनाया। 14 अगस्त को विभाजन विभिषिका दिवस के रूप में मनाया। 26 दिसंबर को संविधान दिवस घोषित करने का फैसला भी हमारी सरकार में हुआ।’

प्रधानमंत्री ने कहा ‘भारत ने आज हर क्षेत्र में जो ऊंचाई हासिल की है, उसने हर देशवासी को एक बड़े संकल्प के साथ जोड़ दिया है। ये संकल्प है विकसित भारत का। अब देश न छोटे सपनें देख सकता है और न ही छोटे संकल्प ले सकता। हमारे सपनें भी विराट होंगे और संकल्प भी विराट होंगे। ये हमारा सपना भी है और संकल्प भी है कि हमे भारत को विकसित बनाना है।’

भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन के दौरान अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि ‘कई लोग हमसे बोलते हैं कि बहुत काम हो गया, अब थोड़ा आराम कीजिए, लेकिन हमारा उन्हें कहना है कि हम राजनीति करने नहीं राष्ट्रनीति करने आए हैं। हमारे विपक्ष के दल भले ही योजनाओं को पूरा करना न जानते हों, लेकिन झूठे वादे करने में इनका कोई जवाब नहीं है। आज एक वायदा करने से ये सारे राजनीतिक दल घबराते हैं। वो वादा है- विकसित भारत का, और ये हमारा वादा है। सिर्फ और सिर्फ भाजपा और NDA गठबंधन ने ही इसका सपना देखा है।’

‘ये हमारा सपना भी है और संकल्प भी है कि हमें भारत को विकसित बनाना है। अगले 5 साल में भारत को पहले से भी कई गुना तेजी से काम करना है। अगले 5 साल में हमें विकसित भारत की तरफ एक लंबी छलांग लगानी है। विकसित भारत के संकल्प से जुड़े सुझावों के लिए हम डेढ़ साल से चुपचाप काम कर रहे हैं। आपको जानकर खुशी होगी कि अब तक 15 लाख से ज्यादा लोगों ने विकसित भारत के रोडमैप और नीतियों के लिए अपने विचार रखे हैं। इन 15 लाख में से आधे से ज्यादा वो लोग हैं जिनकी उम्र 35 से कम है। इस युवा सोच के साथ हम आगे बढ़ रहे हैं।’

प्रधानमंत्री ने कहा ‘देश को एक ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था बनने में 60 वर्ष लगे और हमारे 10 साल के कार्यकाल में हम तीन ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था बन गए हैं। भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और हमारा इंफ्रास्ट्रक्चर बजट 11 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है।’

‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना हमारी गवर्नेंस भी दिखती है। पहले की सरकारों में नार्थ-ईस्ट को पूरी तरह अनदेखा कर दिया गया था, लेकिन हम वोट और सीटों के लिए काम नहीं करते। हमारे लिए तो देश का हर कोना समृद्ध और विकसित हो, यही हमारा भाव है।’

‘हमे गर्व है कि हम बीजेपी की ऐसी संस्कृति का हिस्सा है, जिसमें मंत्रालय में रिकॉर्ड OBC प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाता है। हमारी सरकार सबके लिए है। सबका साथ, सबका विकास हमारे काम से ही झलकता है।’

 

Related Posts