रायपुर। प्रदेश के 8 युवा एक से 7 मार्च तक रूस के सोची शहर में आयोजित होने वाले वर्ल्ड यूथ फेस्टिवल में भारत से शामिल होने वाले दल का हिस्सा होंगे। इन युवाओं ने आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से विधानसभा परिसर स्थित उनके कार्यालय में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में मुलाकात कर यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी उपलब्धि बताया और युवाओं को अपना आशीष और शुभकामनाएं दी। उन्होंने युवाओं से कहा कि आपको प्रदेश के साथ-साथ अपने देश का प्रतिनिधित्व करने का गौरवपूर्ण अवसर मिल रहा है। आप सभी स्वामी विवेकानंद के देश से वहां जा रहे हैं। आप भारत के प्रतिनिधि हैं, हमारी महान सांस्कृतिक परंपरा की झलक वहां दिखाएं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आप सभी अपने भीतर अपने देश के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की महक लेकर जाएं, ताकि इस प्रदेश के बारे में रूस के लोग और अधिक जाने और उन्हें यहां आने की उत्सुकता हो। उन्होंने कहा कि भारत के धार्मिक, सांस्कृतिक और समृद्ध ऐतिहासिक विरासत के बारे में अपने विचार रूस सहित यूथ फेस्टिवल में शामिल हो रहे सभी देश के साथियों के साथ साझा करें।
गौरतलब है कि एक मार्च से 07 मार्च 2024 तक रूस के सोची शहर में वर्ल्ड यूथ फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें 193 देशों के लगभग 20 हजार युवा शामिल होंगे। भारत से युवाओं का दल यूथ फेस्टिवल में शामिल होने रूस जा रहा है, जिसमें छत्तीसगढ़ से भी 8 युवा चयनित हुए हैं। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ से डेलीगेट में शामिल पेशीराम जायसवाल, नितेश साहू, सिद्धार्थ शुक्ला, उदयन शर्मा, रितेश कलवानी, अविरल ठाकुर, उदित सिंह एवं सुश्री खुशी सिंह मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री के निर्देशों पर त्वरित अमल,कबीरधाम जिले में बैगा परिवारों के लिए 3554 पक्के आवास स्वीकृत: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा विशेष पिछड़ी जनजातियों को मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने शुरू की गई प्रधानमंत्री जनमन योजना का छत्तीसगढ़ में तेजी से क्रियान्वयन हो रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रदेश के कबीरधाम जिले में इस योजना में बैगा परिवारों के लिए 3554 आवासों की स्वीकृति दी गई है, इनमें 2996 पक्के आवास निर्माण के लिए प्रथम किस्त के रूप में 11 करोड़ 98 लाख रूपए जारी की गई है।
कबीरधाम जिले के विकासखण्ड बोड़ला में 179 और पंडरिया के 77 गांवों में बैगा परिवारों की बाहुलता है। इन परिवारों के लिए बोड़ला विकासखण्ड में 2081 और पंडरिया विकासखण्ड में 1474 आवासों की स्वीकृति दी गई है। बैगा परिवारों को प्रथम चरण में 2996 आवासों आवास निर्माण के लिए पहली किस्त के रूप में 40-40 हजार रूपए की राशि जारी की गई है। इसके अलावा योजना में इन गांवों में बुनियादी सुविधाएं बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करायी जाएंगी।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत बैगा परिवारों को आवास निर्माण के लिए 2 लाख रूपए की राशि 4 किस्तों में दी जाएगी। पहली किस्त आवास शुरू करने के लिए 40 हजार रूपए, दूसरी किस्त कुर्सी स्तर पर होने पर 60 हजार रूपए, तीसरी किस्त आवास की ढलाई पर 80 हजार रूपए और आवास पूरा होने पर 20 हजार रूपए दी जाएगी। इसके अलावा महात्मागांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत 95 दिनों का मजदूरी का भुगतान किया जाएगा।















