पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़ और झारखंड में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. तमिलनाडु में भी हल्की बारिश का अनुमान जताया गया है…
नईदिल्ली (ए)। उत्तर भारत समेत देशभर में मौसम आंख-मिचौली खेल रहा है. सुबह-सुबह ठंड महसूस होती है तो वहीं दिन में धूप निकल जाने के बाद मौसम सामान्य हो जाता है. मौसम विभाग ने आज यानी बुधवार (14 फरवरी) को उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में तेज हवा और बारिश की बौछारें पड़ने की संभावना जताई है. आईएमडी का कहना है कि आज पूर्वी भारत के अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि के साथ तूफान की गतिविधि होने का अनुमान है।
राजधानी दिल्ली के मौसम की बात करें तो यहां बुधवार यानी आज (14 फरवरी) को हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. दिल्ली में मंगलवार सुबह पारा 11 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया और शहर के कुछ हिस्सों में थोड़ी धुंध छा गई. दिल्ली-एनसीआर में आने वाले दिनों आसमान साफ रहने की उम्मीद है और तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. इस हफ्ते दिल्ली में न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
दिल्ली में मंगलवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 327 ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया. शून्य और 50 के बीच एक एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 और 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।
आज कहां कैसा रहेगा मौसम: आईएमडी के अनुसार उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम में तेज हवाएं चलेंगी और इसके साथ ही बारिश की बौछारें भी पड़ेंगी. इसके साथ ही कुछ स्थानों पर बिजली भी गिरने की संभावना है. इसके अलावा पहाड़ी राज्यों की बात करें तो हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी होने की संभावना है।
स्काईमेटर वेदर का कहना है कि अगले 24 घंटे के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में हल्की से मध्यम बारिश के साथ ओलावृष्टि का अनुमान है. इसके अलावा पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़ और झारखंड में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. तमिलनाडु में भी हल्की बारिश का अनुमान जताया गया है।















