रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज 11 फरवरी को जशपुर और दुर्ग जिले में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री श्री साय निर्धारित दौरा कार्यक्रम के अनुसार पूर्वान्ह 11 बजे जशपुर जिले के ग्राम बगिया से कार द्वारा रवाना होकर कुनकुरी विकासखण्ड के ग्राम कण्डोरा पहुंचेंगे और वहां ’मातृ पितृ पूजन’ कार्यक्रम में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री श्री साय ग्राम कण्डोरा से 12.30 बजे कार द्वारा रवाना होकर 12.40 बजे ग्राम लोधमा पहुंचेंगे और वहां ’श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह’ के कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री दोपहर 1.40 बजे कार द्वारा ग्राम बगिया आएंगे और वहां से 2.15 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर अपरान्ह 3.30 बजे दुर्ग पहुंचेंगे।
मुख्यमंत्री दुर्ग में 3.40 बजे कंचना धुरवा देवालय सिविल लाईन में आयोजित मंत्री एवं विधायकों के सम्मान समारोह तथा शहीद वीर नारायण सिंह बलिदान दिवस समारोह में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री श्री साय दुर्ग से शाम 4.50 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर 5.10 बजे रायपुर लौट आएंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांसाबेल से पत्थलगांव मार्ग के निर्माण कार्य का किया निरीक्षण: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के प्रवास के दौरान मुड़ा टोली से बगिया आते समय कांसाबेल से पत्थलगांव मार्ग के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और संबधित को कड़े निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए।
मुख्यमंत्री ने इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि यह सड़क विगत 5 वर्षों से बन नहीं पाई। पूर्व सरकार और क्रियान्वयन एजेंसी के कारण कार्य की गति बहुत धीमे चल रहीं है। उन्होंने कहा कि जनता को सड़क के हालात के कारण काफी परेशानी हो रहीं हैं।
उन्होंने कार्यपालन अभियंता को जनता के हित में कार्य करने तथा सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने के संबंध में निर्माण एजेंसी से बात कर कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माण कार्य में विलंब के लिए कार्यपालन अभियंता जिम्मेदार माने जाएंगे।
इस अवसर पर कमिश्नर जी.आर. चुरेन्द्र, आईजी अंकित गर्ग, कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल, एसपी शशि मोहन सिंह सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
















