रायपुर। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर आज राजधानी के जे.एन. पांडेय स्कूल में कलेक्टर डॉ गौरव सिंह ने कृमि नाशक दवा खिलाई और बच्चो की अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। कलेक्टर ने कहा कि सभी स्कूलों में अनिवार्य रूप से कृमि की दवा खिलाई जाए। यह ध्यान रखें कोई छुटने ना पाए। साथ ही नगर निगम आयुक्त अबिनाश मिश्रा ने भी बच्चों को कृमि की दवा खिलाई। इस अवसर पर सीएमएचओ मिथलेश चौधरी, जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारती सहित अन्य उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि प्रत्येक वर्ष 10 फरवरी को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन किया जाता है। इस अवसर पर बच्चों को कृमि की दवा खिलाई जाती है।
कलेक्टर डॉ सिंह जे.एन पाण्डेय स्कूल में आयोजित पेंशन एवं समस्या निवारण शिविर में हुए शामिल: कलेक्टर डॉ गौरव सिंह आज जे.एन पाण्डेय स्कूल में आयोजित शिक्षकों के पेंशन एवं समस्या निवारण शिविर में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि जो शिक्षक सेवानृवित्त हो रहे है उनके समस्य स्वत्वों का भुगतान उसी दिन कर दी जाए ताकि उन्हे किसी प्रकार की परेशानी ना हो।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के समस्या का समाधान उनके कार्यालय के स्तर पर किया जाए। उन्हे जिला कार्यालय के चक्कर ना काटना पड़े। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त अबिनाश मिश्रा, सीएमएचओ मिथलेश चौधरी, जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारती सहित संबंधित उपस्थित थे।
कलेक्टर ने की डॉ भीमराव अंबेडकर मेमोरियल हॉस्पिटल की समीक्षा: कलेक्टर डॉ गौरव सिंह ने आज राजधानी के सबसे प्रमुख शासकीय हॉस्पिटल डॉ भीमराव अंबेडकर मेमोरियल स्मृति चिकित्सालय की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अस्पताल में विशेषकर रात्रि के समय जो मरीज आते है उनसे संवेदनशीलता से व्यवहार करें। साथ ही आपातकालीन स्थिति में आने वाले मरीजों को जल्द से जल्द चिकित्सा की सुविधा उपलब्ध कराएं। अंतर्विभागीय समन्वय हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश भी दिए। साथ ही लोक निर्माण विभाग को सीवरेज समस्या का निदान करने ड्रेनेज लाइन बनाने कहा।
उन्होंने कहा कि ओपीडी में आने वाले मरीजों के लिए टोकन सुविधा या ऑनलाइन सिस्टम की सुविधा दी जाए। डॉ सिंह ने कहा कि सफाई व्यवस्था के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करें। नगर निगम के साथ समन्वय स्थापित कर परिसर के साफ-सफाई की संपूर्ण व्यवस्था को सृदुढ़ बनाएं। साथ ही उन्होंने सीवरेज की समस्या को दूर करने के लिए लोक निर्माण विभाग को प्राकलन तैयार कर तत्काल कार्रवाई के लिए निर्देश दिया। कलेक्टर ने नगर निगम को नालियों की सफाई में भी अस्पताल प्रबंधन के साथ समन्वय कर सफाई व्यवस्था को दुरूस्त करने के निर्देेश दिए।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग की जाएगी। पुलिस विभाग के साथ समन्वय कर सुरक्षा व्यवस्था सृदुढ़ करें। आतरिंक व्यवस्था के लिए निजी सुरक्षा एजेंसी को जिम्मेदारी दी गई है, वह पुलिस विभाग के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें। आने वाले दिनों में गर्मी की शुरूआत होगी। मरीजों के पेयजल के लिए उचित व्यवस्था करें। उन्होंने कहा कि हास्पिटल प्रबंधन जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर समस्याओं का समाधान करें। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त अबिनाश मिश्रा, डॉ भीमराव अंबेडकर के अधीक्षक एसबीएस नेताम, डीन डॉ तृप्ति नागरिया, सीएमएचओ मिथलेश चौधरी सहित संबंधित उपस्थित थे।















