पीएम मोदी ने कहा, दावोस में भी भारत के लिए बहुत उत्साह दिखा। किसी ने कहा कि भारत अभूतपूर्व सफलता की कहानी है। किसी ने कहा, भारत का डिजिटल बुनियादी ढांचा नई ऊंचाई छू रहा है…
नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत का समय आ गया है। विकास दर लगातार बढ़ रही है। दुनिया का भारत पर भरोसा बढ़ रहा है। मोदी ने जोर देते हुए कहा, हमारे आलोचक अब तक के सबसे निचले स्तर पर हैं। पीएम मोदी ने ग्लोबल बिजनेस समिट में कहा कि किसी भी देश की विकास यात्रा में ऐसा समय आता है, जब सभी परिस्थितियां उसके पक्ष में होती हैं।
उन्होंने कहा, यह वह समय है, जब विकास दर बढ़ रही है, राजकोषीय घाटा कम हो रहा है। निर्यात बढ़ रहा है, चालू खाता घाटा कम रहा है। उत्पादक निवेश रिकॉर्ड ऊंचाई पर है, मुद्रास्फीति नीचे है। अवसर व आय, दोनों बढ़ रहे हैं व गरीबी कम हो रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा , यही समय है, जब उपभोग व कॉरपोरेट लाभप्रदता दोनों बढ़ रहे हैं व गैर निष्पादित परिसंपत्तियां (एनपीए ) में रिकॉर्ड कमी आई है। उत्पादन और उत्पादकता बढ़ रही है।
पहले नहीं थी ऐसी सकारात्मक भावना
पीएम मोदी ने कहा, भारत की क्षमताओं के लिए ऐसी सकारात्मक भावना पहले कभी नहीं थी। आज, हर विकास विशेषज्ञ समूह में चर्चा है कि भारत बीते 10 वर्षों में बदल गया है। पीएम मोदी ने कहा, दावोस में भी भारत के लिए बहुत उत्साह दिखा। किसी ने कहा कि भारत अभूतपूर्व सफलता की कहानी है। किसी ने कहा, भारत का डिजिटल बुनियादी ढांचा नई ऊंचाई छू रहा है।
स्थिरता और निरंतरता सरकार की नीति
स्थायित्व, स्थिरता और निरंतरता को अपनी सरकार की नीति बताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि मुद्रास्फीति अधिक खर्च करने का दुष्परिणाम है। उनकी सरकार ने परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए बचाया पैसा ही कमाया गया पैसा के मंत्र का पालन किया है। पीएम ने कहा, हमने संसद भवन जैसी बड़ी परियोजनाओं को रिकॉर्ड समय में पूरा करके करदाताओं के पैसे को महत्व दिया और कबाड़ से भी पैसा कमाया।
















