BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्डविविध

विशाखापट्टनम टेस्ट में नहीं खेलेंगे चार बड़े खिलाड़ी, सरफराज खान को मिलेगा मौका? जानें संभावित प्लेइंग-11

चयनकर्ताओं ने मुंबई के सरफराज खान, यूपी के बाएं हाथ के स्पिनर सौरभ कुमार और तमिलनाडु के ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर को दूसरे टेस्ट के लिए टीम में शामिल किया है। पहले से ही दो खिलाड़ियों के बाहर होने से परेशान कप्तान रोहित शर्मा और कोच राहुल द्रविड़ को दो और बदलाव करने होंगे…

विशाखापट्टनम (ए)। हैदराबाद में इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में मिली हार के बाद भारतीय टीम की नजर वापसी करने पर है। दूसरा टेस्ट विशाखापट्टन में दो फरवरी से खेला जाएगा। इस मैच से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। दो अनुभवी खिलाड़ी रवींद्र जडेजा और केएल राहुल टीम से बाहर हो चुके हैं। अब टीम चार बड़े खिलाड़ियों के बगैर दूसरे टेस्ट में उतरेगी। दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली पारिवारिक कारणों से दूसरे टेस्ट में भी नहीं खेलेंगे। वहीं, अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी चोट के कारण बाहर हैं।

भारतीय टीम की वापसी की राह और कठिन हो गई है। चयनकर्ताओं ने मुंबई के सरफराज खान, यूपी के बाएं हाथ के स्पिनर सौरभ कुमार और तमिलनाडु के ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर को दूसरे टेस्ट के लिए टीम में शामिल किया है। पहले से ही दो खिलाड़ियों के बाहर होने से परेशान कप्तान रोहित शर्मा और कोच राहुल द्रविड़ को दो और बदलाव करने होंगे।

बीसीसीआई की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि जडेजा और राहुल दो फरवरी से विशाखापट्टनम में शुरू होने जा रहे दूसरे टेस्ट में नहीं खेलेंगे। बोर्ड की मेडिकल टीम दोनों की प्रगति पर नजर रख रही है। बताया जाता है कि जडेजा को पहले टेस्ट में रन लेने के दौरान पैर की मांसपेशियों में चोट लगी है, जबकि राहुल ने दाईं जांघ में दर्द की शिकायत की है। चिंता की बात यह है कि बीते वर्ष मई में आईपीएल के दौरान भी राहुल ने दाईं जांघ में दर्द की शिकायत की थी। इसके बाद उन्हें सर्जरी से गुजरना पड़ा था, जिसके चलते वह चार माह क्रिकेट से दूर रहे।

इन दोनों क्रिकेटरों का दूसरे टेस्ट से बाहर होने इस वजह से झटका है, क्यों कि विराट कोहली पहले ही दो टेस्ट से टीम से बाहर हैं। 231 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय बल्लेबाज पहला टेस्ट खेल रहे बाएं हाथ के स्पिनर टॉम हार्टले के समक्ष पूरी तरह बिखर गई। इस दौरान भारतीय बल्लेबाज स्पिनरों के खिलाफ संघर्ष करते दिखे। खासतौर पर शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर के प्रदर्शन ने निराश किया। हालांकि, राहुल भी टीम को जीत की ओर नहीं ले जाए पाए, लेकिन उन्होंने पहली पारी में जरूर 86 रन बनाए थे। इस समय विराट कोहली स्पिन को खेलने के माहिर समझे जाते हैं, लेकिन वह भी टीम में नहीं हैं।

पहले टेस्ट की पहली पारी में 87 और दूसरी पारी में दो रन बनाने के अलावा कुल पांच विकेट लेने वाले रविंद्र जडेजा टीम को बड़ा संतुलन प्रदान करते हैं। जडेजा का टेस्ट में 40 से ऊपर का औसत है और गेंदबाजी में भी उनका औसत 25 से नीचे का है। उनकी जगह टीम में शामिल किए गए वॉशिंगटन सुंदर भी ऑलराउंडर हैं, लेकिन उन्होंने चार टेस्ट में 49.83 की औसत से सिर्फ छह विकेट लिए हैं। हालांकि उन्होंने तीन अर्धशतक भी लगाए हैं और बल्लेबाजी में उनका औसत 66.25 है।

रोहित के सामने चुनौती जडेजा की जगह को भरने की होगी। यह तय माना जा रहा है कि जडेजा की जगह टीम में कुलदीप यादव की वापसी होगी। पहले टेस्ट में उनकी कमी महसूस की गई। उन्होंने 2017 से सिर्फ आठ टेस्ट खेले हैं, जिसमें उन्होंने 34 विकेट लिए हैं। दिसंबर, 2022 में उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ अंतिम टेस्ट खेला था, जिसमें 8 विकेट लेकर वह मैन ऑफ द मैच बने थे।

इंग्लैंड लायंस के खिलाफ 161 रन की पारी खेलने वाले सरफराज को आखिर टीम में शामिल कर लिया गया, लेकिन उन्हें अंतिम एकादश में जगह मिलना मुश्किल लग रहा है। मध्य प्रदेश के रजत पाटीदार पहले से टीम में हैं। राहुल की जगह उन्हें मौका दिया जा सकता है। पाटीदार स्पिन को भी अच्छी तरह से खेलने में माहिर समझे जाते हैं। वहीं इंग्लैंड लायंस के खिलाफ पारी की जीत में पांच विकेट लेने वाले सौरभ कुमार पहले भी टेस्ट टीम में शामिल किए जा चुके हैं, लेकिन उन्हें पदार्पण करने का मौका नहीं मिला था। वह 24.41 की औसत से 290 प्रथम श्रेणी विकेट ले चुके हैं। सुंदर की जगह इंडिया ए टीम में मध्य प्रदेश के सारांश जैन को शामिल किया गया है। आवेश खान टेस्ट टीम का हिस्सा रहेंगे, लेकिन उन्हें मध्य प्रदेश के लिए रणजी खेलने को कहा गया है।

सरफराज ने मौजूदा रणजी ट्रॉफी सीजन में सिर्फ एक मैच खेला है। वह बिहार के खिलाफ एक रन बनाकर आउट हो गए थे। सरफराज हाल के दिनों में लगातार भारत ए के लिए खेल रहे हैं। उन्होंने दिसंबर में दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ दो मैचों में 68 और 34 रन की पारी खेली थी। इस महीने इंग्लैंड लायंस के खिलाफ 96, चार, 55 और 161 रन बनाए हैं। उन्हें शानदार फॉर्म में होने का फायदा मिला है और वह अब टेस्ट टीम में शामिल हो गए हैं।

दूसरे टेस्ट के लिए भारत की संभावित 11
यशस्वी जयसवाल, रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर, रजत पाटीदार/सरफराज खान, केएस भरत, अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव।

Related Posts