भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज 25 जनवरी को हैदराबाद में शुरू होगी। इससे पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली सीरीज के शुरुआती दो टेस्ट मैचों में नहीं खेलेंगे…
नईदिल्ली (ए)। भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज 25 जनवरी को शुरू होगी। पहला मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा। सीरीज के शुरुआती मुकाबले से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली पहले दो टेस्ट में नहीं खेलेंगे। बीसीसीआई ने उनके टीम से बाहर होने की पुष्टि की है।
बीसीसीआई ने बताया कि कोहली निजी कारणों से शुरुआती दो टेस्ट मैचों में नहीं खेलेंगे। अभी तक विराट के रिप्लेसमेंट की घोषणा नहीं की है, लेकिन हैदराबाद टेस्ट मैच से पहले एलान हो सकता है। इससे पहले कोहली निजी कारणों से अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 मैच से भी हट गए थे। हालांकि, इस बात का खुलासा नहीं हुआ है कि विराट किस निजी स्थिति से जूझ रहे हैं।
विराट ने रोहित को दी थी सूचना
बीसीसीआई की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि विराट पहले ही इस मामले पर कप्तान रोहित शर्मा से बात कर चुके हैं और उन्हें इस मामले पर कप्तान का समर्थन प्राप्त है। कोहली की अनुपस्थिति में यशस्वी जयसवाल, शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर जैसे युवाओं के कंधों पर आगे बढ़ने और प्रदर्शन करने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।
बीसीसीआई ने क्या कहा?
बीसीसीआई ने बयान में कहा, ”विराट कोहली ने निजी कारणों का हवाला देते हुए बीसीसीआई से इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के पहले दो टेस्ट से हटने का अनुरोध किया है। विराट ने कप्तान रोहित शर्मा, टीम प्रबंधन और चयनकर्ताओं से बात की है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया है कि देश का प्रतिनिधित्व करना हमेशा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रही है, लेकिन कुछ व्यक्तिगत स्थितियां उनकी उपस्थिति और पूरे ध्यान की मांग करती हैं।”
बोर्ड ने आगे कहा, ”बीसीसीआई उनके फैसले का सम्मान करता है। बोर्ड और टीम प्रबंधन ने स्टार बल्लेबाज को अपना समर्थन दिया है और टेस्ट सीरीज में सराहनीय प्रदर्शन करने के लिए टीम के बाकी सदस्यों की क्षमताओं पर भरोसा है। बीसीसीआई मीडिया और प्रशंसकों से अनुरोध करता है कि वे इस दौरान विराट कोहली की निजता का सम्मान करें और उनके व्यक्तिगत कारणों पर अटकलें लगाने से बचें। चयन समिति जल्द ही उनके रिप्लेसमेंट के नाम का एलान करेगी।”
🚨 NEWS 🚨
Virat Kohli withdraws from first two Tests against England citing personal reasons.
Details 🔽 #TeamIndia | #INDvENGhttps://t.co/q1YfOczwWJ
— BCCI (@BCCI) January 22, 2024















