BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्डविविध

भारत और अफगानिस्तान के बीच टी20 सीरीज का पहला मैच आज, मोहाली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

भारत बनाम अफगानिस्तान पहला टी-20 मैच पंजाब के मोहाली स्टेडियम में गुरुवार को खेला जाएगा। इससे पहले मोहाली में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस की टीमें सीसीटीवी कैमरों से निगरानी करेंगी। वहीं प्रदर्शनकारियों से निपटने की भी पुलिस ने तैयारी की है…

मोहाली (ए)। अफगानिस्तान की टीम टी20 सीरीज के लिए भारत के दौरे पर आ गई है। सीरीज का पहला मुकाबला आज मोहाली के आईएस बिंद्रा स्टेडियम पर खेला जाएगा। दोनों देशों के बीच यह पहली द्विपक्षीय टी20 सीरीज होगी। भारत को अभी तक अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 मुकाबले में हार नहीं मिली है। रोहित शर्मा की टीम बड़ी दावेदार है लेकिन अफगानिस्तान उलटफेर करने की क्षमता रखता है।

भारत और अफगानिस्तान के बीच टी20 सीरीज का पहला मुकाबला आज 11 जनवरी यानी गुरुवार को खेला जाएगा। यह मुकाबला भारतीय समय अनुसार शाम 7 बजे शुरू होगा। टॉस मैच शुरू होने के आधे घंटे पहले यानी साढ़े 6 बजे होगा। अफगानिस्तान की टीम इस सीरीज में सलामी बल्लेबाज इब्राहिम जादरान की कप्तानी में मैदान पर उतरेगी।

हर सीरीज शुरू होने से पहले सभी के मन में सवाल होता है कि लाइव मैच कहां देखें? हम आपको इसका जवाब बताते हैं। भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाले पहले मैच का लाइव प्रसारण स्पोर्ट्स 18 चैनल पर होगाा। इसके साथ ही मैच की स्ट्रीमिंग जियो सिनेमा ऐप पर होगी। ऐप पर फैंस फ्री मैच में का लुफ्त उठा सकते हैं। भारत में होने वाले सभी द्विपक्षीय सीरीज के ब्रॉडकास्टिंग राइट्स स्पोर्ट्स 18 के पास ही हैं।

पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) के आईएस बिंद्रा इंटरनेशनल स्टेडियम मोहाली में गुरुवार को इंडिया और अफगानिस्तान के बीच टी-20 क्रिकेट मैच खेला जाना है। इस टी-20 मैच में मोहाली पुलिस की ओर से कड़े सुरक्षा प्रबंध करते हुए अंदर-बाहर दो हजार पुलिस मुलाजिम तैनात किए गए हैं। मैच से एक दिन पहले एसएसपी डॉ. संदीप गर्ग ने खुद पीसीए स्टेडियम का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि इस दौरान 1500 सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी। एंट्री गेट पर वीडियो एनालिटिकल हेड काउंटिंग कैमरे इंस्टॉल होंगे। इनसे पता चल पाएगा कि स्टेडियम में कुल कितने दर्शक मैच देखने स्टेडियम में आए हैं।

एसएसपी डॉ. गर्ग ने बताया कि मैच से एक दिन पहले डॉग स्क्वायड की टीमों से स्टेडियम के अंदर जांच करवाई गई। वहीं, बाहर भी चप्पे-चप्पे पर गंभीरता से चेकिंग की गई। मैच के दौरान पीसीए स्टेडियम में हर व्यक्ति पर कड़ी नजर रखी जाएगी। इसके लिए बाहरी राज्य और बटालियन से भी फोर्स मंगाई गई है। मैच के दौरान सुरक्षा के लिए 1000 कैमरे स्टेडियम के बाहर और अंदर लगेंगे जबकि 500 कैमरे आसपास के एरिया और पार्किंग में इंस्टॉल किए गए हैं। स्टेडियम में 500 मेगापिक्सल समेत कुल चार विशेष कैमरे भी इंस्टॉल किए गए हैं जिसके जरिये एक-एक व्यक्ति की स्पष्ट तस्वीर देखी जा सकेगी। इससे उत्पात होने की स्थिति में दर्शकों की पहचान हो जाएगी।

यह कैमरे स्टेडियम में चारों दिशाओं में लगाए जाएंगे। इसकी खासियत होगी कि आदमी जिस सीट पर बैठा होगा, उसकी पहचान कर उसके वीडियो से स्पष्ट तस्वीर निकाल सकते हैं। कैमरों का कंट्रोल रूम स्टेडियम में ही रहेगा जहां प्रशासनिक अधिकारी निगरानी करेंगे। इसके अलावा दंगा रोधी 15 टीमें लगाई गई हैं। दर्शक की सुरक्षा और सुविधा के लिए आठ पार्किंग स्लॉट बनाए गए हैं। एसएसपी मोहाली ने कहा कि पीसीए प्रबंधन से अनुरोध किया है कि दर्शकों की सुविधा के लिए प्लेकार्ड और बोर्ड लगाए जाएं ताकि उन्हें स्टेडियम में एंट्री में असुविधा न हो। आसपास रहने वाले लोगों की सुविधा के लिए ट्रैफिक डायवर्जन किया गया है।

भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, आवेश खान, मुकेश कुमार।

अफगानिस्तान: इब्राहिम जादरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इकराम अलिखिल (विकेटकीपर), हजरतुल्लाह जजई, रहमत शाह, नजीबुल्लाह जादरान, मोहम्मद नबी, करीम जनत, अजमतुल्लाह उमरजई, शराफुद्दीन अशरफ, मुजीब-उर-रहमान, फजलहक फारूकी, फरीद अहमद, नवीन-उल-हक, नूर अहमद, मोहम्मद सलीम, कैस अहमद, गुलबदीन नायब और राशिद खान।

Related Posts