BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

केरल जानता है कि अगर कोई पार्टी है जो उसके विकास को गति दे सकती है, तो वह बीजेपी है : पीएम मोदी

केरल के त्रिशूर में विशाल रैली में संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने इंडिया गठबंधन पर जमकर निशाना साधा. इस रैली में बीजेपी का झंडा लिए हुए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा. कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी को ऊपर फूल डालकर उनका स्वागत किया…

त्रिशूर (ए)। साल 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर देश में सियासी पारा चढ़ा हुआ है. इस बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार (3 दिसंबर) को विपक्षी गठबंधन इंडिया पर जमकर हमला किया. पीएम मोदी ने कहा कि इंडी गठबंधन में शामिल कांग्रेस और लेफ्ट ने केरल को लूटा है। पीएम मोदी ने केरल के त्रिशूऱ में कहा, ”केरल में लंबे समय तक लेफ्ट और कांग्रेस सत्ता और विपक्ष का ढोंग रचते रहे हैं. ये सिर्फ नाम के लिए दो पार्टियां हैं. केरल में भ्रष्टाचार हो, क्राइम हो या परिवारवाद. ये दोनों सब कुछ मिलकर करते हैं. अब इंडी अलायंस बनाकर इन्होंने घोषणा कर दी है कि इनकी विचारधारा और नीतियों में कोई अंतर नहीं है।”

उन्होंने आगे कहा, ”देश में सड़क बन रही है.आधुनिक रेलवे स्टेशन और आधुनिक एयरपोर्ट बन रहे हैं, लेकिन इंडी गठबंधन की सरकार सिर्फ मोदी विरोध के कारण काम नहीं होने दे रही, इंडी गठबंधन केरल में लूटने की स्वतंत्रता चाहता है. गोल्ड की स्मगलिंग को लेकर खेल चलता है और किन दफ्तरों से चलता है. ये किसी से छुपा नहीं है. ये चाहते हैं कि केंद्र सरकार जो फंड देती है उसके बारे में पूछताछ नहीं हो।” पीएम मोदी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि केरल जानता है कि अगर कोई पार्टी है जो उसके विकास को गति दे सकती है, तो वह बीजेपी है. कोई वामपंथी पार्टी या गठबंधन यहां कुछ नहीं कर सकती. उन्होंने कहा, “भारत गतिशील विकास के साथ आगे बढ़ रहा है, लेकिन केवल मोदी के प्रति नफरत के कारण इंडिया गठबंधन केरल के विकास में बाधा बन रहा है।”

पीएम मोदी ने क्या कहा? पीएम मोदी ने कहा कि इंडी गठबंधन हमारी आस्था पर चोट करता है. इन्होंने मंदिरों को हमारे त्योहारों को भी लूट का माध्यम बना दिया है.  सबरीमाला में भी जिस प्रकार की अव्यवस्था सामने आई है, उससे श्रद्धालुओं को बहुत असुविधा हुई है. ये यहां की राज्य सरकार की अक्षमता का प्रमाण है।

उन्होंने आगे कहा कि आपको याद होगा जब तक देश में लेफ्ट और कांग्रेस के गठबंधन की सरकारें थीं तो तब तक मुस्लिम बहनें तीन तलाक से परेशान थीं.  मोदी ने मुस्लिम बहनों को तीन तलाक से मुक्ति देने की गारंटी दी थी और उसे ईमानदारी से पूरा भी करके दिखाया।

क्या आरोप लगाया? पीएम मोदी ने कहा कि आज कल देश में मोदी की गारंटी की चर्चा है, लेकिन मैं मानता हूं कि देश की नारी शक्ति ‘विकसित भारत’ के संकल्प की सिद्धि की सबसे बड़ी गारंटी हैं. केरल की बेटियों ने भारत के संविधान के निर्माण में भूमिका निभाई है।

उन्होंने आगे कांग्रेस, वाम दलों पर संसद और राज्य विधानसभाओं में महिला आरक्षण की मांग को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया. बता दें कि आम चुनाव में एक तरफ बीजेपी के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) है. वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस, टीएमसी, डीएमके और लेफ्ट सहित कई दलों वाला विपक्षी गठबंधन इंडिया है।

17 बार लगवाया नारा: मध्य केरल के इस शहर में बीजेपी ओर से आयोजित विशाल महिला कार्यक्रम में अपने जोशीले भाषण में मोदी ने मलयालम में 17 बार ‘मोदीयुदे गारंटी’ दोहराई. प्रधानमंत्री ने उज्ज्वला, नल से जल के कनेक्शन, शौचालय, मुद्रा ऋण जैसी विभिन्न पहलों का हवाला देते हुए महिलाओं को सशक्त बनाने में अपनी सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित किया। महिला सम्मेलन में अपने जोशीले भाषण में मोदी ने ‘इंडिया’ गठबंधन पर भी तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि यह राज्य के विकास और उसकी प्रगति को बाधित कर रहा है. लोकसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही उन्होंने पूरे विश्वास के साथ दावा किया कि बीजेपी के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) केरल में भी विजयी होगा।

मोदी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन विधेयक अब कानून बन गया है और उन्होंने महिला सशक्तीकरण के लिए अपनी प्रतिबद्धता को पूरा किया है. महिला आरक्षण विधेयक को केंद्र सरकार ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम नाम दिया है.

Related Posts