बेमेतरा। बुधवार को कोतवाली थाना परिसर में जिला पुलिस बेमेतरा में आयोजित रक्तदान शिविर में बेमेतरा पुलिस के जवान सहित शहर के नागरिकों ने रक्तदान किया। इस आयोजित रक्तदान शिविर में 75 यूनिट रक्तदान किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ जिला एवं सत्र न्यायाधीश आंनद सिंघल व पुलिस अधीक्षक प्रशांत ठाकुर ने दीप प्रज्वलित कर किया। यह रक्तदान शिविर प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल डॉ भीमराव आंबेडकर में स्थित मॉडल ब्लड बैंक के सहयोग से किया गया। शिविर में आये हुए रक्त को कैंसर के मरीजों को उपलब्ध कराया जायेगा। जिला एवं सत्र न्यायाधीश आंनद सिंघल ने कहा कि आपका रक्त किसी का जीवन बचा सकता है और इस शिविर से ज्यादा से ज्यादा लोग प्रेरित होंगे। एसपी प्रशांत ठाकुर ने रक्तदान का महत्व बताते हुए शहर के लोगो व पुलिस जवानों से ज्यादा से ज्यादा करने की अपील की। रक्तदान जागरूकता व यातायात जागरुकता के बारे में कहते हुये कहा कि हेलमेट पहन कर अपनी जान बचाये व रक्तदान कर दूसरो की जान बचाये। इस शिविर में एडीएम संजय दीवान, होरी सिंह ठाकुर मुख्य कार्यपालन अधिकारी नगर पालिका परिषद बेमेतरा, डीएसपी रामकुमार वर्मन, एसडीपी बेरला राजीव शर्मा, सिटी कोतवाली थाना प्रभारी राजेश मिश्रा, सूबेदार संजय सूर्यवंशी सहित कई अधिकारी व सामजिक संस्था के सदस्य निराकार पांडेय, कीर्ति कुमार परमानंद उपस्थित थे।











