BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

पीएम मोदी ने तारीफ करते हुए मीरा मांझी से कहा, ”चाय बहुत अच्छी बनाई है और मैं चायवाला हूं”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अपनी अयोध्या यात्रा के दौरान सरकारी योजनाओं की एक लाभार्थी मीरा मांझी के घर का भी दौरा किया, जहां उन्होंने चाय का आनंद लिया…

अयोध्या (ए)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आयोध्या दौरे की चर्चा जोरों से हैं लेकिन इस बीच एक नाम और काफी सुर्खियों में है. शनिवार (30 दिसंबर) को अपने दौरे के दौरान पीएम मोदी यहां की निवासी और सरकारी योजनाओं की लाभार्थी मीरा मांझी के घर गए और वहां चाय पी। चाय की चुस्कियां लेते हुए पीएम मोदी ने मीरा मांझी और उनके परिवारवालों से संवाद भी किया. इस दौरान पीएम मोदी ने चाय के लिए मीरा मांझी से तारीफ की. बाद में पीएम मोदी ने मीरा मांझी के घर जाने के अनुभव के बारे में कुछ तस्वीरों के साथ X हैंडल पर एक पोस्ट भी साझा की।

‘मैं चायवाला हूं…’ पीएम मोदी ने तारीफ करते हुए मीरा मांझी से कहा, ”चाय बहुत अच्छी बनाई है और मैं चायवाला हूं, इसलिए पता रहता है कि चाय कैसे बनती है.” इतना कहते हुए पीएम मोदी खुद और वहां मौजूद परिवार के सभी लोग हंसने लगे।

जब मीरा मांझी के घर पहुंचे पीएम मोदी न्यूज एजेंसी एएनआई ने पीएम मोदी की मीरा मांझी के घर की यात्रा का वीडियो शेयर किया है. पीएम मोदी जैसे ही लाभार्थी के घर पहुंचे तो उन्होंने नमस्ते किया, परिवार के लोगों ने पैर छूकर पीएम का स्वागत किया. हालांकि, पीएम मोदी ने कहा, ”ऐसा मत कीजिए आप लोग।”

पीएम मोदी ने परिवार के सभी लोगों से बात की. वह एक बच्चे के साथ भी खेलते नजर आए. पीएम मोदी ने पूछा, ”मालूम है कि मैं क्यों आया हूं आपके घर?” पीएम मोदी ने बताया, ”हमने देश में 10 करोड़ घरों में गैस का सिलेंडर दिया, आपका नंबर लग गया 10 करोड़वां. इसलिए मैंने सोचा जिसको 10 करोड़वां सिलेंडर मिला है, मैं उसके घर जाऊंगा, अयोध्या में ही मिला है, मैंने कहा चलो भाई, मीरा के घर चले आए।”

मीरा मांझी ने कहा, ”अच्छा हुआ, आप मेरे घर पधारे.” पीएम मोदी ने पूछा, ”गैस पर क्या पकाती हो?” जवाब में मीरा ने कहा, ”अभी तो आज दाल, चावल, सब्जी पकाई है, आपके लिए चाय बनाई है।”

पीएम मोदी बोले, ”चाय बनाई है, तो पिलाओ न फिर.” चाय की प्याली हाथ में लेते ही पीएम मोदी ने कहा, ”बड़ी दूध वाली चाय है, दूध मिल जाता है यहां पर?” मीरा मांझी ने कहा कि वह पैकेट वाला दूध मंगाती है. चाय की चुस्की लेते ही पीएम मोदी ने कहा, ”बहुत मीठी चाय पीते हैं आप.” मीरा मांझी बोलीं, ”हमसे (चाय) मीठी हो ही जाती है, मालूम नहीं कैसे.” इस पर पीएम मोदी और वहां मौजूद सभी लोग हंसने लगे।

पीएम मोदी ने योजनाओं के लाभ के बारे में की बात पीएम मोदी ने मीरा मांझी से उन्हें मिले योजनाओं के लाभ के बारे में पूछा. मीरा मांझी ने बताया कि उन्हें आवास मिला है. उन्होंने कहा कि पहले वो झोपड़ी में रहती थीं. तीन साल से बिजली भी लगी है. उन्होंने बताया कि महीने का 100-200 रुपये बिजली बिल आता है. मीरा ने बताया कि गैस उन्हें शुक्रवार (29 दिसंबर) को मिली. उन्होंने कहा कि पहले वह चूल्हे और भट्टी पर खाना बनाती थीं. मीरा ने बताया कि अब उनका समय बचेगा, जिससे बच्चे को भी टाइम दे पाएंगी।

पीएम मोदी ने पूछा, ”मीरा जी आप कुछ काम भी करती हैं?” इस पर उन्होंने कहा, ”फूल बेचते हैं… नए घाट पर.” पीएम मोदी ने कहा कि अब तो लोग बहुत आते होंगे… मीरा ने बताया कि उन्हें 10 किलो अनाज का भी लाभ मिलता है. पीएम मोदी ने कहा, ”आपको गैस, बिजली, घर, अनाज और पानी मिला।”

 

जब मीरा मांझी के घरवाले बोले- आप तो हम लोगों के भगवान हैं परिवारवालों ने पीएम मोदी से कहा कि आप तो हम लोगों के भगवान हैं, इस पर पीएम मोदी ने कहा, ”नहीं-नहीं, भगवान तो भगवान रामचंद्र जी हैं.” मीरा मांझी के घरवालों ने कहा कि वो लोग पीएम मोदी से इतना खुश हैं कि बयां नहीं कर सकते। मीरा मांझी ने कहा कि उन्होंने तो उम्मीद ही नहीं की थी कि उनके घर पीएम मोदी आएंगे. पीएम मोदी ने यह भी पूछा, ”आपकी जैसी कल्पना थी वैसा (मकान) बना है?” घरवालों ने ‘हां’ में जवाब दिया।

पीएम मोदी ने पूछा आवास योजना के रुपयों के लिए रिश्वत तो नहीं देनी पड़ी? मीरा मांझी ने बताया कि उन्हें घर बनाने के लिए सरकारी योजना से तीन किस्तों में ढाई लाख रुपये मिले. रुपये सीधे बैंक खाते में आए थे. पीएम मोदी ने यह भी पूछा कि क्या किसी को रिश्वत देनी पड़ी, इस पर मीरा मांझी ने कहा, ”नहीं.” इसके बाद पीएम मोदी ने चाय को लेकर तारीफ की. पीएम मोदी ने पूरे परिवार के साथ फोटो भी खिंचवाई और फिर वहां से प्रस्थान किया।

 

पीएम मोदी ने किया पुनर्विकसित रेलवे स्टेशन और नवनिर्मित हवाई अड्डे का उद्घाटन बता दें कि शनिवार को पीएम मोदी अयोध्या के पुनर्विकसित रेलवे स्टेशन और नए बने हवाई अड्डे का उद्घाटन करने के लिए अयोध्या पहुंचे थे. उन्होंने 15,700 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का भी लोकार्पण और शिलान्यास किया. पीएम मोदी 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।

Related Posts