भारतीय टीम का साउथ अफ्रीकी सरजमीं पर टेस्ट सीरीज जीतने का सपना टूट गया है. सेंचुरियन टेस्ट में साउथ अफ्रीका ने टीम इंडिया को इनिंग और 32 रनों से हरा दिया…
नईदिल्ली (ए)। सेंचुरियन टेस्ट में टीम इंडिया को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा है. साउथ अफ्रीका ने टीम इंडिया को इनिंग और 32 रनों से हरा दिया. इस तरह भारतीय टीम का साउथ अफ्रीकी सरजमीं पर टेस्ट सीरीज जीतने का सपना टूट गया है. भारतीय टीम दूसरी पारी में महज 131 रनों पर सिमट गई. भारत के लिए विराट कोहली ने सबसे ज्यादा 76 रन बनाए. साउथ अफ्रीका ने पहली पारी में 408 रन बनाए. वहीं, भारतीय टीम की पहली पारी 245 रनों पर सिमटी थी. इस तरह साउथ अफ्रीका को 163 रनों की बढ़त मिली थी।
भारतीय बल्लेबाजों का फ्लॉप शो दूसरी पारी में भी बदस्तूर जारी रहा. टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा बिना कोई रन बनाए चलते बने. यशस्वी जयसवाल 5 रन बनाकर पवैलियन लौटे. इसके बाद शुभमन गिल 26 रन बनाकर पवैलियन का रूख कर गए. हालांकि, विराट कोहली ने 76 रनों की पारी जरूर खेली, लेकिन बाकी बल्लेबाजों ने निराश किया. श्रेयस अय्यर और केएल राहुल ने क्रमशः 6 और 4 रन बनाए. रवि अश्विन, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज ने क्रमशः 0, 2 और 0 रन बनाए।
टीम इंडिया ने हर तरह से घुटने टेके बहरहाल, साउथ अफ्रीकी टीम ने एक पारी में जितने रन बनाए, टीम इंडिया के बल्लेबाज 2 पारियों मे उतने रन नहीं बना सके. इसके अलावा साउथ अफ्रीका ने महज 1 पारी में 108.4 ओवर बल्लेबाजी की, लेकिन भारतीय बल्लेबाज दोनों पारियों को मिलाकर 101.5 ओवर ही खेल सके. खासकर, भारतीय बल्लेबाजों ने दूसरी पारी में बेहद खराब बल्लेबाजी का नजारा पेश किया. टीम इंडिया के बल्लेबाज दूसरी पारी में महज 34.1 ओवर खेल सके. साउथ अफ्रीकी ओपनर डीन एल्गर को प्लेयर ऑफ द मैच से नवाजा गया. डीन एल्गर ने 185 रनों की बेहतरीन पारी खेली थी. उन्होंने अपनी पारी में 28 चौके जड़े।
बहरहाल, साउथ अफ्रीकी टीम 2 टेस्ट मैचों की सीरीज में 1-0 से आगे हो गई है. भारत और साउथ अफ्रीका के बीच सीरीज का दूसरा टेस्ट 3 जनवरी से खेला जाएगा. दोनों टीमें केपटाउन में आमने-सामने होगी. भारतीय टीम केपटाउन टेस्ट जीतकर सीरीज बराबरी पर खत्म करना चाहेगी।
ऐसा रहा साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों का हाल साउथ अफ्रीका के लिए नांन्द्रे बर्गर ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए. मार्को यॉन्सेन को 3 कामयाबी मिली. इसके अलावा कगीसो रबाडा ने टीम इंडिया के 2 बल्लेबाजों को आउट किया. वहीं, इस मैच में कगीसो रबाडा ने 7 विकेट लिए।
इससे पहले साउथ अफ्रीका के कप्तान टेंबा बावूमा ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया था. पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया 245 रनों पर सिमट गई. केएल राहुल ने 101 रनों की शतकीय पारी खेली. साउथ अफ्रीका के लिए कगीसो रबाडा ने सबसे ज्यादा 5 विकेट लिए. नांन्द्रे बर्गर को 3 कामयाबी मिली. इसके अलावा मार्को यॉन्सेन और गेराल्ड कोएट्जी ने 1-1 बल्लेबाज को आउट किया।
साउथ अफ्रीका की पहली पारी 408 रनों पर सिमटी थी. इस तरह मेजबान टीम को 163 रनों की बढ़त मिली. साउथ अफ्रीका के लिए ओपनर डीन एल्गर ने सबसे ज्यादा 185 रन बनाए. मार्को यॉन्सेन 84 रन बनाकर नॉटआउट लौटे. पहली पारी में टीम इंडिया के लिए जसप्रीत बुमराह सबसे कामयाब गेंदबाज रहे. जसप्रीत बुमराह ने 26.4 ओवर में 69 रन देकर 4 बल्लेबाजों को आउट किया. मोहम्मद सिराज को 2 कामयाबी मिली. इसके अलावा प्रसिद्ध कृष्णा और रवि अश्विन ने 1-1 विकेट लिए।
इस हार के बाद वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप प्वॉइंट्स टेबल में भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है. वहीं, साउथ अफ्रीकी टीम जीत के बाद वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप प्वॉइंट्स टेबल में टॉप पर काबिज हो गई है. साउथ अफ्रीका के बाद दूसरे नंबर पाकिस्तान है, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न टेस्ट में पाकिस्तानी टीम की स्थिति अच्छी नहीं है. अगर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न में पाकिस्तानी टीम को हार का सामना करना पड़ा तो फिर पाकिस्तान का वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप प्वॉइंट्स टेबल में नीचे खिसकना तय है।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप प्वॉइंट्स टेबल में साउथ अफ्रीका के 12 प्वॉइंट्स है. जबकि इस टीम के परसेंटेज प्वॉइंट्स 100 फीसदी हैं. इसके बाद पाकिस्तान 3 मैचों में 22 प्वॉइंट्स और 61.11 परसेंटेज प्वॉइंट्स के साथ दूसरे नंबर पर है. न्यूजीलैंड 2 मैचों में 12 प्वॉइंट्स और 50 परसेंटेज प्वॉइंट्स के साथ तीसरे नंबर पर काबिज है. इसके बाद बांग्लादेश का नंबर है. बांग्लादेश के 2 मैचों में 12 प्वॉइंट्स और 50 परसेंटेज प्वॉइंट्स हैं. भारतीय टीम 3 टेस्ट मैचों में 16 प्वॉइंट्स और 44.44 परसेंटेज प्वॉइंट्स के साथ पांचवें नंबर पर खिसक गया है।
करीब एक दशक से भी ज्यादा अनुभवी खिलाड़ी चेतेश्वर पुजारा और अंजिक्य रहाणे को ड्रॉप कर दिया था, क्योंकि उनका करंट फॉर्म अच्छा नहीं था. अजित अगरकर की अगुवाई वाली सिलेक्शन कमेटी ने साउथ अफ्रीका में होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए पुजारा और रहाणे की जगह यशस्वी जायसवाल, और श्रेयस अय्यर को टीम में शामिल किया, और ये दोनों खिलाड़ी सेंचुरियन टेस्ट मैच की दोनों पारियों में कुछ खास नहीं कर पाए, जिसका नुकसान टीम इंडिया को मैच गंवाकर चुकाना पड़ा. ऐसे में सवाल उठता है कि क्या इस मैच में टीम को पुजारा और रहाणे जैसे खिलाड़ियों की कमी महसूस हुई? क्या इस टीम में अनुभव की काफी कमी थी?















