अंबाती रायडू गुंटूर जिले से आते हैं, उन्होंने जून में दो बार आंध्र प्रदेश के सीएम और वाईएसआरसीपी प्रमुख वाईएस जगन मोहन रेड्डी से मुलाकात की थी…
विजयवाड़ा (ए)। पूर्व भारतीय क्रिकेटर अंबाती रायडू अब राजनीति में अपनी किस्मत आजमाएंगे। रायडू आंध्र प्रदेश के कृष्णा या गुंटूर जिले की किसी एक सीट से लोकसभा चुनाव लड़ने की योजना बना रहे हैं। दरअसल रायडू ने काफी पहले ही राजनीतिक पिच पर बल्लेबाजी करने के अपने इरादे साफ कर दिए थे। अंबाती रायडू ने आज जगन मोहन रेड्डी की पार्टी वाईएसआरसीपी में शामिल हो गए है।
अंबाती रायडू गुंटूर जिले से आते हैं। उन्होंने जून में दो बार आंध्र प्रदेश के सीएम और वाईएसआरसीपी प्रमुख वाईएस जगन मोहन रेड्डी से मुलाकात की थी। हालांकि जगन मोहन रेड्डी कथित तौर पर अंबाती रायडू को अगले चुनावों में मैदान में उतारने के इच्छुक हैं, लेकिन अभी तक उन्होंने यह तय नहीं किया है कि विधानसभा या लोकसभा चुनाव में उन्हें मैदान में उतारा जाए या नहीं।
मछलीपट्टनम पर रायडू मजबूत दावेदार
दरअसल वाईएसआरसीपी के पास मछलीपट्टनम से मौजूदा सांसद वी बालासौरी और पोन्नूर से विधायक केवी रोसैया हैं। हालांकि, गुंटूर पश्चिम के विधायक मदाली गिरिधर ने टीडीपी के उम्मीदवार के रूप में पिछला चुनाव जीता था, लेकिन बाद में उन्होंने वाईएसआरसीपी में पाला बदल लिया। कयास लगाए जा रहे हैं कि बालासौरी की जगह किसी नए उम्मीदवार को उतारा जा सकता है। इसके अलावा कहा जाता है कि बालासौरी 2024 में विधानसभा चुनाव लड़ने की योजना बना रहे हैं। वह कथित तौर पर पोन्नूर से चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं। ऐसे में रायडू मछलीपट्टनम से विकल्प हो सकते हैं।














