केएल राहुल ने 137 गेंद की अपनी पारी में 14 चौके और चार छक्के लगाए। उन्होंने अपनी पारी में 80 रन बाउंड्रीज से बटोरे यानी कुल रन का 79.20 प्रतिशत रन उन्होंने चौके छक्के से बटोरे…
नईदिल्ली (ए)। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच सेंचुरियन में खेले जा रहे पहले टेस्ट में केएल राहुल ने बेहतरीन शतक जड़ा। उन्होंने टेस्ट करियर का आठवां शतक लगाया और कई रिकॉर्ड्स भी अपने नाम किए। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की पहली पारी 245 रन पर सिमट गई। इसमें से 101 रन केएल राहुल के रहे। बाकी बल्लेबाज कुल मिलाकर 131 रन बना सके। वहीं, 13 रन एक्स्ट्राज से आए।
राहुल ने 137 गेंद की अपनी पारी में 14 चौके और चार छक्के लगाए। उन्होंने अपनी पारी में 80 रन बाउंड्रीज से बटोरे यानी कुल रन का 79.20 प्रतिशत रन उन्होंने चौके छक्के से बटोरे। यह टेस्ट में शतक लगाने वाले किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा बाउंड्रीज से बटोरे गए तीसरा सबसे ज्यादा रन है। शीर्ष पर शिखर धवन और वीवीएस लक्ष्मण हैं। केएल राहुल सेंचुरियन में कई शतक लगाने वाले पहले मेहमान बल्लेबाज बन गए हैं।
राहुल का यह दक्षिण अफ्रीका और सेंचुरियन में दूसरा शतक रहा। सेंचुरियन में उन्होंने अपने लगातार दूसरे टेस्ट में शतक लगाया। इससे पहले 2021 में सेंचुरियन में बॉक्सिंग डे टेस्ट में ही राहुल ने शतकीय पारी खेली थी। तब उन्होंने 248 गेंद पर नाबाद 122 रन बनाए थे। वह टेस्ट भारत ने जीता था।
दक्षिण अफ्रीका में भी राहुल का दूसरा शतक रहा। वह अफ्रीकी जमीन पर एक से ज्यादा शतक लगाने वाले तीसरे भारतीय खिलाड़ी हैं। इस मामले में वह सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली के क्लब में शामिल हो गए। तेंदुलकर ने दक्षिण अफ्रीकी जमीन पर टेस्ट में पांच शतक लगाए थे। वहीं, विराट और राहुल ने दो-दो बार ऐसा किया है। दक्षिण अफ्रीका में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले एशियाई बल्लेबाजों में भी राहुल दूसरे स्थान पर हैं। विराट-राहुल के अलावा पाकिस्तान के अजहर महमूद और श्रीलंका के समरवीरा ने ऐसा किया है।
दक्षिण अफ्रीका में एक से ज्यादा शतक लगाने वाले एशियाई बल्लेबाज
- 5: सचिन तेंदुलकर
- 2: अजहर महमूद/टी समरवीरा/विराट कोहली/केएल राहुल
राहुल दक्षिण अफ्रीका में शतक लगाने वाले भारत के दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज हैं। इससे पहले ऋषभ पंत ने ऐसा किया था। हालांकि, राहुल ने एक मामले में पंत को जरूर पीछे छोड़ दिया। वह यह है कि राहुल अफ्रीकी जमीन पर सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाजों में शीर्ष पर पहुंच गए हैं। राहुल ने 101 रन बनाए, जबकि पंत ने 2022 में नाबाद 100 रन की पारी खेली थी।
एशिया के बाहर टेस्ट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाजों की लिस्ट में पंत चार शतक के साथ शीर्ष पर हैं। वहीं, विजय मांजरेकर, अजय रत्रा, ऋद्धिमान साहा और राहुल ने एक-एक शतक लगाए हैं। राहुल ने 2022 में जब सेंचुरियन में शतक लगाया था तो वह विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी नहीं संभाल रहे थे।
दक्षिण अफ्रीका में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज
| खिलाड़ी | शतक |
| सचिन तेंदुलकर | 5 |
| विराट कोहली | 2 |
| केएल राहुल | 2 |
| राहुल द्रविड़ | 1 |
| चेतेश्वर पुजारा | 1 |
| वीरेंद्र सहवाग | 1 |
| मोहम्मद अजहरुद्दीन | 1 |
| कपिल देव | 1 |
एक टेस्ट शतक में बाउंड्री से प्राप्त किए गए सबसे ज्यादा रन प्रतिशत (भारत)
| बल्लेबाज | बाउंड्री से प्राप्त किए रन प्रतिशत |
पारी (रन) | बाउंड्री से अर्जित रन |
जगह, साल |
| शिखर धवन | 87.85 | 107 | 94 | बंगलूरू 2018 |
| वीवीएस लक्ष्मण | 80.65 | 124* | 100 | नेपियर 2009 |
| केएल राहुल | 79.20 | 101 | 80 | सेंचुरियन 2023 |















