पुलिस को साइबर ठगी की रकम वापस दिलाने में लगातार मिल रही सफलता…OGY INDUSTRIES नामक आनलाईन गेम साईट में साइबर ठगी का शिकार हुए प्रार्थी का ₹40,500 कराया गया वापस…पुलिस के सार्थक प्रयास की प्रार्थी द्वारा धन्यवाद ज्ञापित कर, की गई भरपूर प्रशंसा….
बलौदाबाजार। दिनांक 13.07.2023 को प्रार्थी विनोद वर्मा पिता चंद्रिका प्रसाद वर्मा उम्र 43 साल निवासी ग्राम गैतरा द्वारा थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि वह अपने मोबाइल नंबर पर फोन-पे का संचालन करता है। इसके बच्चों द्वारा मोबाइल में गेम खेलते हुए प्ले-स्टोर से एक गेम डाउनलोड किया गया।
तत्पश्चात अचानक खेलते खेलते OZE INDUSTRIES नामक किसी गेम साइट में पहले ₹500 फिर ₹20,000 उसके बाद ₹20,000 इस प्रकार 03 बार में फोन-पे के माध्यम से कुल ₹40,500 ट्रांसफर हो गया। प्रार्थी को अपना मोबाइल चेक करने एवं पैसा कटने का मैसेज देखने पर साइबर ठगी होने का पता चला। इसके बाद प्रार्थी द्वारा फोन-पे किए गए नंबर पर संपर्क कर पैसा वापस मांगा गया, लेकिन दूसरी ओर से किसी भी प्रकार का ना ही रिप्लाई आया और ना ही पैसा वापस आया। इस प्रकार प्रार्थी कुल ₹40,500 ऑनलाइन साइबर ठगी का शिकार हो गया।
कि रिपोर्ट पर निरीक्षक अमित तिवारी थाना प्रभारी सिटी कोतवाली द्वारा तत्काल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय श्री दीपक कुमार झा को सूचित कर, इसकी सूचना सायबर सेल बलौदाबाजार को दिया गया, जिसमें आरक्षक हेमंत नायक की मदद से सायबर पुलिस पोर्टल में ठगी की जानकारी को विधिवत अपडेट किया गया तथा समय पर Acknowledgement No. 33307230008317 प्राप्त किया गया।
प्रकरण में त्वरित वैधानिक कार्यवाही करते हुए संबंधित बैंकों का खाता नंबर फ्रीज कराया गया तथा कुल ₹40,500 को त्वरित कार्यवाही परिणाम स्वरूप होल्ड कराया जा सका। संपूर्ण प्रक्रिया पश्चात दिनांक 13.12.2023 को प्रार्थी के खाते में उक्त ठगी की पूरी रकम ₹40,500 वापस प्राप्त हुआ। पीड़ित द्वारा जिला बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस का सादर आभार व्यक्त कर, धन्यवाद ज्ञापित किया गया तथा उसने बताया कि उसने सोचा नहीं था कि ठगी की रकम मुझे वापस भी मिल सकती है। रिपोर्ट करने के बाद प्रार्थी एक प्रकार से इस ठगी की घटना को भूल सा गया था।
जिला बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस की आप सभी से अपील- लोक-लुभावने एवं लालची विज्ञापनों पर किसी भी प्रकार की प्रतिक्रिया न दें, अनजाने लिंक को टच न करें, किसी भी अजनबी फोन कॉल में अपनी खाता संबंधी किसी भी प्रकार की जानकारी ना दें, ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत रकम लेनदेन अथवा ट्रांसफर में सदैव सावधानी बरते। अपना मोबाइल छोटे बच्चों को ना दें। विशेष रूप से किसी भी प्रकार की ठगी का शिकार होने पर तत्काल नजदीकी थाना/चौकी में जाकर विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए अपना रिपोर्ट दर्ज करें।















