BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्डविविध

साउथ अफ्रीका को 200 गेंद शेष रहते भारत ने जीत हासिल कर बना डाले 5 बड़े रिकॉर्ड

साउथ अफ्रीका के दौरे पर गई टीम इंडिया ने वनडे सीरीज की शानदार शुरुआत की है, और मेज़बान टीम को 200 गेंद शेष रहते मैच जीत लिया है. आइए इस मैच के कुछ रिकॉर्ड के बारे में जानते हैं…

नईदिल्ली (ए)। साउथ अफ्रीका के दौरे पर गई टीम इंडिया ने टी20 सीरीज को ड्रॉ कराने के बाद वनडे सीरीज की शानदार शुरुआत की है. केएल राहुल की कप्तानी में टीम इंडिया ने कल वर्ल्ड कप फाइनल मैच हारने के बाद पहली बार कोई वनडे मैच खेला, और उसमें मेज़बान साउथ अफ्रीका को उन्हीं के घर में 200 गेंद शेष रहते मैच हरा दिया. इस मैच में टॉस तो साउथ अफ्रीका ने जीता था, लेकिन उसके बाद कुछ भी नहीं जीत पाए।

भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका को 27.3 ओवर में सिर्फ 117 रनों पर ऑल-आउट कर दिया, और फिर 16.4 ओवर यानी कुल 100 गेंदों में 2 विकेट खोकर 117 रन बना दिए, और मैच अपने नाम कर लिया. इस जीत के साथ टीम इंडिया ने 3 मैचों की इस वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त भी हासिल कर ली है. हालांकि, इस मैच में जीत के साथ कई खास रिकॉर्ड भी बने हैं, आइए हम आपको उन रिकॉर्ड्स के बारे में बताते हैं।

इस मैच में केएल राहुल टीम इंडिया के कप्तान थे, और उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने लगातार दसवां मैच जीता है. इसके अलावा इस मैच में साउथ अफ्रीकी टीम पिंक जर्सी में उतरी थी, और पिंक वनडे मैच में जीत दर्ज करने वाले केएल राहुल भारत के पहले कप्तान बने हैं।

इस मैच में टीम इंडिया ने (गेंद शेष रहने से हिसाब से) चौथी सबसे बड़ी जीत हासिल की है. भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका को जोहानस्बर्ग में 200 गेंद शेष रहते हराया है, जो गेंद शेष रहने के हिसाब से चौथी सबसे बड़ी जीत हैं. इस मामले में टीम इंडिया की सबसे बड़ी जीत इसी साल 2023 में श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो में आई थी, जब टीम इंडिया ने 263 गेंद शेष रहते मैच जीता था।

भारत के खिलाफ मिली हार साउथ अफ्रीका के लिए गेंद शेष रहने के हिसाब से दूसरी सबसे बड़ी हार है. साउथ अफ्रीका को वनडे इतिहास में सबसे ज्यादा शेष गेंदों के साथ इंग्लैंड ने 2008 में नॉथिंघम में हराया था. उस मैच में इंग्लैंड ने साउथ अफ्रीका को 215 गेंद शेष रहते हराया था. उसके बाद अब भारत ने भी एडेन मार्करम की टीम को 200 गेंद शेष रहते हराया है।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ हुए पहले वनडे मैच में साई सुदर्शन को डेब्यू करने का मौका मिला है, और उन्होंने अपने डेब्यू में ही कमाल कर दिया. साई ने नाबाद 55 रनों की पारी खेली, और डेब्यू वनडे मैच में अर्धशतक लगाने वाले 17वें भारतीय खिलाड़ी बन गए।

भारत के लिए चार बल्लेबाजों ने बतौर ओपनर वनडे डेब्यू में अर्धशतक लगाया है.

  • रॉबिन उथप्पा – 86 रन बनाम इंग्लैंड, 2006
  • केएल राहुल – 100* रन बनाम जिम्बाब्वे, 2016
  • फैज़ फज़ल – 55* बनाम जिम्बाब्वे, 2016
  • साई सुदर्शन – 55* बनाम साउथ अफ्रीका, 2023

Related Posts