BREAKING

छत्तीसगढ़फीचर्ड

मुख्यमंत्री ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की पुण्यतिथि पर उन्हें किया नमन, आईईडी ब्लास्ट में प्रधान आरक्षक की शहादत पर जताया शोक

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री और गृहमंत्री भारतरत्न सरदार वल्लभ भाई पटेल की 15 दिसंबर को पुण्यतिथि पर उन्हें नमन किया है। श्री साय ने सरदार पटेल का पुण्य स्मरण करते हुए कहा है कि सरदार पटेल अपने फ़ौलादी संकल्पों के कारण लौह पुरुष के नाम से जाने जाते हैं।

उन्होंने देशी रियासतों का भारतीय संघ में विलय कर देश के एकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्वतंत्रता के लिए किये संघर्ष के दौरान उन्होंने कई आंदोलनों का कुशल नेतृत्व किया। श्री साय ने कहा कि स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद भी सरदार पटेल भारत को एक सूत्र में पिरोने की दिशा में काम करते रहे। भारत देश के निर्माण में सरदार पटेल की भूमिका हमेशा अविस्मरणीय रहेगी।

सर्चिंग के दौरान आईईडी ब्लास्ट में प्रधान आरक्षक की शहादत पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताया शोक:  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांकेर जिले के थाना परतापुर के अंतर्गत ग्राम सड़कटोला के पास सर्चिंग के दौरान आईईडी ब्लास्ट में बीएसएफ में प्रधान आरक्षक के पद पर कार्यरत श्री अखिलेश राय की शहादत पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

बीएसएफ में प्रधान आरक्षक के पद पर कार्यरत अखिलेश राय उत्तरप्रदेश के गाजीपुर जिले के निवासी थे। सर्चिंग अभियान के दौरान आईईडी ब्लास्ट के चपेट में आने से चोट लगने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए पखांजुर रवाना किया गया, लेकिन घायल श्री राय शहीद हो गए।

मुख्यमंत्री श्री साय ने शहीद जवान के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि श्री अखिलेश राय ने देश सेवा करते हुए वीरगति प्राप्त की है। इस दुख की घड़ी में पूरा छत्तीसगढ़ उनके परिजनों के साथ है।

Related Posts