BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

संसद की सुरक्षा में सेंध लगाने वाले शख्स की सांसदों ने जमकर की धुनाई: आरोपियों पर UAPA के तहत मामला दर्ज, गृह मंत्रालय ने बनाई SIT, पांच हिरासत में

संसद की सुरक्षा में चूक के मामले में पुलिस ने मनोरंजन, सागर, नीलम, अमोल और विक्की को हिरासत में लिया है. इस बीच गृह मंत्रालय ने जांच के लिए SIT गठित करने का फैसला लिया है…

नईदिल्ली (ए)। संसद की सुरक्षा में बुधवार को बड़ी चूक का मामले सामने आया. दर्शक दीर्घा में बैठे दो लोग सांसदों की बैठने वाली जगह में कूद गए और केन के जरिए धुआं फैला दिया. इसके अलावा परिसर में दो अन्य लोगों ने प्रदर्शन करते हुए केन के माध्यम से धुआं करते हुए तानाशाही नहीं चलेगी का नारा लगाया. सुरक्षा में चूक की यह घटना 2001 में संसद पर हुए आतंकी हमले की बरसी के दिन हुई है. इस बीच गृह मंत्रालय ने जांच के लिए एसआईटी गठित कर दी है।

मंत्रालय ने कहा, ”लोकसभा सेक्रेटरी जनरल के पत्र पर गृह मंत्रालय ने सीआरपीएफ के डीजी अनीश दयाल सिंह की अध्यक्षता में एसआईटी गठित की है. इसमें अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी सदस्य के रूप में शामिल होंगे।”

गृह मंत्रालय ने क्या कहा? गृह मंत्रालय ने कहा, ”कमेटी इस बात की जांच करेगी कि सुरक्षा में कैसे चूक हुई और सुरक्षा में हुई कमी की वजह जानकर कार्रवाई करेगी. कमेटी इसके अलावा सुरक्षा बेहतर करने को लेकर जल्द से जल्द रिपोर्ट देगी।”

लोकसभा में दो शख्स दर्शक दीर्घा से कूदकर फ्लोर पर आ गए. उन्होंने स्मोक कलर जलाकर संसद में धुआं कर दिया. कुछ ही देर में दोनों हमलावरों को पकड़ लिया गया. इस दौरान कुछ सांसदों ने उन्हें जमकर पीटा। सांसदों ने लखनऊ के रहने वाले हमलावर सागर को उसके बालों से पकड़ खींचा. इसके बाद कई सांसदों ने मिलकर उस पर थप्पड़ों की बरसात कर दी. इस दौरान वहां सुरक्षा गार्ड नहीं पहुंच पाए थे।

राजस्थान के नागौर से लोकसभा सांसद हनुमान बेनीवाल समेत कुछ सांसदों ने स्मोक कलर जलाने वाले सागर को पकड़ लिया. इसके बाद सागर को कई सांसदों ने पकड़ा और उसके बाल पकड़कर जमकर थप्पड़ बरसाए जाने लगे.सांसद हनुमान बेनीवाल ने एएनआई से बात करते हुए कहा कि कई सांसदों ने उसे पकड़ लिया, कुछ सांसदों ने उसे धोया तो वो रोने लगा. जब उसे सुरक्षाकर्मी ले जा रहे थे तो वो रो रहा था।

यह घटना तब घटी जिस समय बीजेपी सांसद खगेन मुर्मू 2001 में हुए संसद भवन हमले पर बोल रहे थे. हालांकि लोकसभा स्पीकर ने जानकारी दी कि उस शख्स ने जिस स्मोक स्टिक का उपयोग किया था, वह खतरनाक नहीं था. इसके साथ ही दिल्ली पुलिस को जांच के निर्देश दिए गए हैं।

कैसे घटना हुई? लोकसभा की कार्यवाही के दौरान बुधवार को दर्शक दीर्घा से दो लोग सदन के भीतर कूद गए और धुआं फैला दिया. वीडियो में दिख रहा है कि सदन में शून्यकाल के दौरान दोपहर करीब एक बजे दर्शक दीर्घा से दो व्यक्ति सदन में कूदे और इनमें से एक व्यक्ति एक मेज से अगली मेज पर तेजी से कूदते हुए आगे की ओर भाग रहा था. सुरक्षाकर्मियों और कुछ सांसदों ने उसे घेर लिया. बाद में दोनों को पकड़ लिया गया।

बैठक का संचालन कर रहे पीठासीन सभापति अग्रवाल ने संसद भवन परिसर न्यूज एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए कहा, ‘‘हमें ऐसा लगा कि जैसे एक व्यक्ति गिर गया. फिर देखा तो एक व्यक्ति कूद रहा था. फिर ध्यान में आया कि दोनों कूदे होंगे. एक व्यक्ति ने जूते से कुछ निकालकर धुआं फैलाया।’’

Related Posts