रायपुर। छत्तीसगढ़ को नया सीएम मिल गया है। रविवार को रायपुर में हुई भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद सीएम को लेकर सस्पेंस खत्म हो गया। विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ के सीएम बन गए हैं। विधायक दल की बैठक के बाद पर्यवेक्षकों ने सीएम के नाम का ऐलान किया है। इसके साथ ही सप्ताह भर का इंतजार खत्म हो गया है। बस कुछ ही देर में इसकी औपचारिक घोषणा की जाएगी।
आदिवासी समाज से आने वाले विष्णुदेव साय साल 1980 में बीजेपी में शामिल हुए थे. विष्णुदेव छत्तीसगढ़ की कुनकुरी विधानसभा से हैं. राज्य में आदिवासी समुदाय की आबादी सबसे ज्यादा है. कयास लगाए जा रहे थे कि बीजेपी किसी आदिवासी चेहरे पर दांव लगा सकती है, जो सही साबित हुआ।
विष्णुदेव साय साल 2020 में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बने थे. वह सांसद और केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं. इसके अलावा वह RSS और पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के करीबी भी हैं. 21 फरवरी 1964 को जशपुर में विष्णुदेव साय का जन्म एक किसान परिवार में हुआ था. मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में वह केंद्रीय इस्पात राज्यमंत्री थे. 16वीं लोकसभा में वह छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से जीतकर सांसद बने थे।
साल 1990-98 तक वह दो बार विधायक रहे. इसके बाद 1999 से 2014 तक सांसद बने. सांसद रहते हुए वह कई कमेटी और पदों पर रहे. पढ़ाई पूरी होने के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और 1980 में बगिया से निर्विरोध सरपंच का चुनाव जीत गए. इसके बाद उन्होंने साल 1990 में पहली बार प्रॉपर्टी का कुछ हिस्सा बेचकर विधायक का चुनाव लड़ा और जीत हासिल की।
बीजेपी ने पहले ही कह दिया था कि आदिवासी समुदाय को उचित सम्मान दिया जाएगा. चुनाव के नतीजे आने के बाद रेस में कई नेताओं का नाम चल रहा था. लेकिन अब सस्पेंस खत्म हो चुका है. बीते दिनों विष्णुदेव साय की सिक्योरिटी भी बढ़ा दी गई थी. छत्तीसगढ़ में अजित जोगी के बाद विष्णुदेव साय दूसरे आदिवासी मुख्यमंत्री होंगे।















