BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

आंध्र प्रदेश के तट से 5 दिसंबर को टकराएगा मिचौंग, भारी बारिश की चेतावनी के बीच मछुआरों को समुद्र में जाने की मनाही

IMD के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बन जाने की वजह से वहां चक्रवात मिचौंग बन गया है इसकी वजह से तटीय इलाकों में तेज हवाएं चल रही हैं और बारिश हो रही है…

नईदिल्ली (ए)। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के बाद आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. IMD के मुताबिक, 5 दिसंबर को चक्रवात मिचौंग आंध्र प्रदेश के तट से टकराएगा जिस वजह से तटीय इलाकों में तेज हवाएं चलेंगी और भारी बारिश होने की संभावना है।

चक्रवात के मद्देनजर राष्ट्रीय संकट प्रबंधन समिति (एनसीएमसी) ने राज्य सरकारों और केंद्रीय मंत्रालयों और उनसे जुड़े विभागों के बीच बेहतर समन्वय के लिए  तैयारियों की शुक्रवार (1 दिसंबर 2023) को समीक्षा की. बयान के अनुसार, बैठक में सूचित किया गया कि मछुआरों को समुद्र में नहीं उतरने को कहा गया है, जबकि पर्याप्त संख्या में आश्रय स्थल, बिजली आपूर्ति, दवाइयां और आपात सेवाएं तैयार रखी जा रही हैं।

क्या है NDRF की तैयारियां? एनडीआरएफ ने तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पुडुचेरी के लिए 18 बचाव दल गठित किये हैं और 10 अतिरिक्त दलों को तैयार रखा है. तट रक्षक, थल सेना, नौसेना के राहत और बचाव दल जहाजों और विमानों के साथ तैयार रखे गये हैं. केंद्रीय एजेंसियों और तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, ओडिशा एवं पुडुचेरी सरकारों की तैयारी की समीक्षा करते हुए, कैबिनेट सचिव ने कहा कि राज्य सरकारों के अधिकारियों द्वारा सभी आवश्यक एहतियाती उपाय किए जाने चाहिए।

कैबिनेट सचिव ने तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पुडुचेरी की सरकारों को आश्वस्त किया कि सभी केंद्रीय एजेंसियां ​​तैयार हैं और उनकी सहायता के लिए उपलब्ध रहेंगी।

कहां से कहां जाएगा मिचौंग? चक्रवात के पश्चिम-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ने, दो दिसंबर तक निम्न वायु दाब के गहरे क्षेत्र में और बंगाल की खाड़ी के ऊपर तीन दिसंबर के आसपास चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है. आगे, यह उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ेगा और दक्षिण आंध्र प्रदेश एवं उत्तर तमिलनाडु तट के निकट चार दिसंबर को पहुंचेगा. इसके बाद, यह पांच दिसंबर को नेल्लोर और मछलीपट्टनम के बीच चक्रवाती तूफान में तब्दील हो जाएगा और हवा की गति 80-90 किमी प्रति घंटे होगी।

तमिलनाडु के तिरुवल्लूर, कांचीपुरम, चेंगलपट्टू, चेन्नई, तेनकासी, थूथुकुडी, तिरुनेलवेली और कन्नियाकुमारी जिलों में अलग-अलग स्थानों पर मध्यम गरज और बिजली गिरने की संभावना है। अगले तीन घंटे तमिलनाडु के विल्लुपुरम, रानीपेट, कुड्डालोर, तंजावुर, नागापट्टिनम, मयिलादुथुराई, तिरुवरूर, रामनाथपुरम, तिरुपुर, डिंडीगुल, पुदुकोट्टई, विरुधुनगर नीलगिरी और थेनी जिलों और पुडुचेरी और कराईकल में अलग-अलग स्थानों पर हल्की आंधी और बिजली गिरने की संभावना है. यह जानकारी मौसम विज्ञान केंद्र चेन्नई ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी है।
बता दें बीते दिनों भारी बारिश के कारण गुरुवार दोपहर तक चेन्नई हवाईअड्डे पर चार उड़ानें रद्द कर दी गईं  थी और 15 उड़ानों में देरी हुई थी. सीएम के निर्वाचन क्षेत्र, कोलाथुर (चेन्नई में) में सबसे अधिक 16 सेमी बारिश हुई. चेन्नई, कांचीपुरम, तिरुवल्लुर, रानीपेट और चेंगलपट्टू में स्कूल गुरुवार को बंद रहे, जबकि मद्रास विश्वविद्यालय ने उस दिन होने वाली सेमेस्टर परीक्षाएं रद्द कर दीं. परीक्षाओं की नई तारीखें अभी घोषित नहीं की गई हैं।

Related Posts