BREAKING

दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने मतगणना स्थल का किया निरीक्षण

दुर्ग। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी पुष्पेन्द्र कुमार मीणा और पुलिस अधीक्षक रामगोपाल गर्ग ने विधानसभा निर्वाचन 2023 अंतर्गत मतगणना स्थल क्षेत्र शंकराचार्य इंजीनियरिंग कॉलेज जुनवानी भिलाई का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थल की सुरक्षा और तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर ने समस्त रिटर्निंग ऑफिसर तथा सहायक रिटर्निंग ऑफिसर को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अश्वनी देवांगन, भिलाई नगर निगम आयुक्त व अपर कलेक्टर रोहित व्यास, उप जिला निर्वाचन अधिकारी बजरंग दुबे सहित आर.ओ. और ए.आर.ओ. उपस्थित थे।

कलेक्टर ने ली राईस मिलर्स की बैठक: कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा ने जिले के राईस मिलर्स की बैठक लेकर खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 अंतर्गत शेष चावल जमा करने की जानकारी ली। उन्होंने मिलर्स को 30 नवंबर 2023 तक चावल जमा करने कहा। चावल जमा नही करने की स्थिति में संबंधित राईस मिलर्स के विरूद्ध उचित कार्यवाही की जाएगी। समीक्षा के दौरान समितियों में खरीदे गए धान की जानकारी भी ली गई।

समितियों में धान खरीदी जाम की स्थिति निर्मित न हो एवं धान खरीदी कार्य सतत् रूप से जारी रहे, इसके लिए राईस मिलर्स को शीघ्र धान का उठाव करने कहा गया है। समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले के समितियों में 57102 मे. टन धान की खरीदी की जा चुकी है, जिसमें से 1238 मे. टन धान का उठाव किया जा चुका है। बैठक में खाद्य नियंत्रण सी.पी. दीपांकर एवं जिले के राईस मिलर्स उपस्थित थे।

मतगणना पश्चात् सीलिंग कार्य हेतु प्रशिक्षण 28 नवम्बर को: विधानसभा निर्वाचन 2023 के अंतर्गत मतगणना परिणाम घोषित होने पश्चात् ईवीएम, वीवी पैट, डाकमत्र पत्र एवं अन्य दस्तावेजों के सिलिंग कार्य हेतु 28 नवम्बर को प्रातः 11 बजे बीआईटी कॉलेज दुर्ग के आडिटोरियम में प्रशिक्षण आयोजित की गई है। प्राप्त जानकारी अनुसार प्रशिक्षण में अधिकारी/कर्मचारियों की सिलिंग कार्य हेतु ड्यूटी लगी है, को प्रशिक्षण में परिचय पत्र हेतु पासपोर्ट साइज फोटो अनिवार्य रूप से लाने एवं निर्धारित समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने कहा गया है।

Related Posts