BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्डविविध

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टी20 सीरीज का पहला मैच आज: विश्व कप की दिल तोड़ने वाली हार से उबरने में समय लगेगा- कप्तान सूर्य कुमार यादव

सूर्यकुमार यादव पहली बार भारतीय टीम की कप्तानी कर रहे हैं और वह इस सीरीज को लेकर बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि परिवार और फैंस का सपोर्ट उन्हें विश्व कप की हार से उबरने में मदद कर रहा है…

विशाखापटनम (ए)। सूर्यकुमार यादव ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज में भारत की कप्तानी करने को लेकर उत्साहित हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि तीन दिन पहले वनडे विश्व कप फाइनल में दिल तोड़ने वाली हार से आगे बढ़ने में समय लगेगा। अहमदाबाद में विश्व कप फाइनल के 96 घंटे बाद भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच गुरुवार से पांच मैचों की टी20 सीरीज शुरू हो रही है। इस सीरीज में दोनों टीमें काफी बदली हुई हैं। विश्व कप खेलने वाले अधिकतर खिलाड़ियों को आराम दिया गया है।

सूर्यकुमार यादव से वनडे विश्व कप फाइनल को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा “यह मुश्किल है, इसमें समय लगेगा, ऐसा नहीं हो सकता कि आप अगली सुबह उठें और जो कुछ हुआ उसे भूल जाएं। यह एक लंबा टूर्नामेंट था। हम इसे जीतना पसंद करते। लेकिन जैसे ही आप सुबह उठते हैं, सूरज फिर से उग आता है, रोशनी होती है। आपको आगे बढ़ना होगा। यह एक नई टीम है, जो वास्तव में चुनौती के लिए उत्सुक है।”

सूर्या ने कहा कि फैंस और परिवारजनों का समर्थन उन्हें और बाकी खिलाड़ियों को निराशा से आगे बढ़ने में मदद कर रहा है। उन्होंने कहा “जाहिर तौर पर, थोड़ा निराशाजनक है लेकिन जब आप पीछे मुड़कर यात्रा को देखते हैं तो यह एक अच्छा सफर था। जिस तरह से सभी ने मैदान पर अपनी प्रतिभा दिखाई, उस पर पूरे भारत और हमारे परिवारों को गर्व था। हमने पूरे टूर्नामेंट में सकारात्मक क्रिकेट खेली। हमें इस पर बहुत गर्व है।”

कप्तान रोहित शर्मा विश्व कप में बल्ले से भारत के लिए गेम चेंजर थे क्योंकि उनकी विस्फोटक शुरुआत ने टीम को लगातार 10 गेम जीतने में मदद की। उन्होंने कहा, “उन्होंने (रोहित ने) मिसाल कायम की है। यह पूरी तरह से अलग रोहित शर्मा थे, उन्होंने अपनी बात रखी। हमने टीम बैठकों में जो बात की, उन्होंने वही काम मैदान में किया। हमें उन पर बहुत गर्व है, उन्होंने उदाहरण पेश कर नेतृत्व किया और उम्मीद है कि हम इसे (टी20 में) दोहराएंगे।”

रोहित, विराट कोहली और केएल राहुल टीम का हिस्सा नहीं हैं, जिन्होंने पिछले साल विश्व कप में अपना आखिरी टी20 मैच खेला था। टी20 टीम आईपीएल में प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों से भरी हुई है, जिन्हें अभी भी खुद को उच्चतम स्तर पर साबित करना है। रिंकू सिंह, जिन्होंने आयरलैंड में पदार्पण किया और एशियाई खेलों का भी हिस्सा थे, और तिलक वर्मा जैसे खिलाड़ियों को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी सबसे कठिन परीक्षा का सामना करना पड़ेगा।

शेड्यूल: पहला मुकाबला- 23 नवंबर, गुरुवार, राजशेखर रेड्डी एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम, विशाखापटनम।

दूसरा मुकाबला- 26 नवंबर, रविवार, ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम, तिरुवनंतपुरम।

तीसरा मुकाबला- 28 नवंबर, मंगलवार, बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम, गुवाहाटी।

चौथा मुकाबला- 01 दिसंबर, शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम, रायपुर।

पांचवां मुकाबला- 03 दिसंबर, राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम, हैदराबाद।

Related Posts