कुल 958 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 827 पुरुष, 130 महिलाएं और एक ट्रांसजेंडर व्यक्ति शामिल हैं. छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण के लिए मतदाताओं की संख्या 1,63,14,479 है…
रायपुर। छत्तीसगढ़ की 70 सीटों के लिए आज शुक्रवार 17 नवंबर को मतदान हो रहा है. छत्तीसगढ़ में विधानसभा की कुल 90 सीटें हैं, जिनमें से 20 पर पहले चरण (7 नवंबर) में मतदान हुआ था. छत्तीसगढ़ में पहले चरण में 76.47 प्रतिशत मतदान हुआ था। छत्तीसगढ़ में बुधवार (15 नवंबर) शाम चुनाव प्रचार थम गया था. बाकी तीन राज्यों राजस्थान, तेलंगाना और मिजोरम के साथ ही मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव की मतगणना 3 दिसंबर को होगी. यहां मुख्य मुकाबला बीजेपी और कांग्रेस के बीच है. दोनों ही पार्टियों ने अपने-अपने चुनावी घोषणापत्रों में कई वादे किए हैं।
छत्तीसगढ़ में राजिम जिले की नक्सल प्रभावित बिंद्रानवागढ़ सीट के नौ मतदान केंद्रों को छोड़कर सभी क्षेत्रों में मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा. विशिष्ट क्षेत्र में सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान किया जाएगा।
चुनाव अधिकारियों के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में 70 सीटों के लिए कुल 958 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 827 पुरुष, 130 महिलाएं और एक ट्रांसजेंडर व्यक्ति शामिल हैं. छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण के लिए मतदाताओं की संख्या 1,63,14,479 है।
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए बीजेपी और कांग्रेस दोनों के 70-70 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि आम आदमी पार्टी (AAP) के 44, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के 62 और हमार राज पार्टी के 33 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं. इसके अलावा बहुजन समाज पार्टी और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी गठबंधन में चुनाव लड़ रही हैं, जिनके क्रमशः 43 और 26 उम्मीदवार मैदान में हैं।















