श्रेयस अय्यर ने 70 गेंदों पर 105 रन बना डाले. उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 8 छक्के जड़े. इस तरह श्रेयस अय्यर ने लगातार दूसरे मैच में शतक का आंकड़ा पार किया…
मुंबई (ए)। भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 50 ओवर में 4 विकेट पर 397 रनों का विशाल स्कोर बनाया. भारत के लिए विराट कोहली और श्रेयस अय्यर ने शतक जड़ा. विराट कोहली ने 113 गेंदों पर 117 रनों की पारी खेली. जबकि श्रेयस अय्यर ने 70 गेंदों पर 105 रन बना डाले. उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 8 छक्के जड़े. इस तरह श्रेयस अय्यर ने लगातार दूसरे मैच में शतक का आंकड़ा पार किया. बहरहाल, वर्ल्ड कप में श्रेयस अय्यर लगातार 2 शतक बनाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. इससे पहले यह कारनामा राहुल द्रविड़ ने किया था. वर्ल्ड कप 1999 में राहुल द्रविड़ ने लगातार 2 शतक जड़े थे।
नीदरलैंड्स के खिलाफ एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में श्रेयस अय्यर ने शतक बनाया था. इस मुकाबले में श्रेयस अय्यर ने 94 गेंदों पर 128 रन बनाए थे. उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके और 5 छक्के जड़े थे. अब न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक बनाकर श्रेयस अय्यर ने इतिहास रच दिया है. इससे पहले विराट कोहली ने शानदार शतक बनाया. विराट कोहली 113 गेंदों पर 117 रन बनाकर टिम साउथी का शिकार बने. यह विराट कोहली के वनडे करियर का 50वां शतक है. इस तरह विराट कोहली वनडे इतिहास में सबसे ज्यादा शतक बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
इससे पहले भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया. भारतीय टीम ने विराट कोहली और श्रेयस अय्यर के शतक के अलावा शुभमन गिल की शानदार पारी की बदौलत न्यूजीलैंड के सामने 398 रनों का विशाल लक्ष्य रखा. शुभमन गिल 66 गेंदों पर 80 रन बनाकर नाबाद लौटे. इसके अलावा केएल राहुल ने 20 गेंदों पर 39 रन बनाकर शानदार फिनिश किया. न्यूजीलैंड के लिए टिम साउथी ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके. जबकि ट्रेंट बोल्ट ने 1 विकेट अपने नाम किया।














