रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के सांसद, भाजपा चुनाव घोषणा पत्र समिति के संयोजक और पाटन विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी विजय बघेल ने गृहलक्ष्मी योजना के नाम पर 15 हजार रुपए देने की घोषणा पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान को लेकर पलटवार कर कहा है कि माताओं के सम्मान के लिए जब भारतीय जनता पार्टी ने महतारी वंदन योजना लॉन्च की घोषणा की तो कांग्रेसी बौखला गए और खासकर मुख्यमंत्री बौखला गए और माताओं में जिस तरह का रिस्पॉन्स भारतीय जनता पार्टी के लिए आ रहा था, उसको देखकर पता नहीं कहाँ से सपना आया और लबरा मुख्यमंत्री ने एक और फर्जी घोषणा कर दी। श्री बघेल ने कहा कि गृह लक्ष्मी योजना 15000 देंगे, यह बोलना तो बड़ा-बड़ा है लेकिन काम जीरो बटा सन्नाटा है।
भाजपा सांसद और पाटन से भाजपा प्रत्याशी श्री बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री बघेल पहले अपने 2018 की घोषणा देख लें। प्रदेश के हर वर्ग के साथ-साथ वृद्ध जनों तक के साथ भूपेश सरकार ने धोखा किया है। वृद्धावस्था पेंशन राशि 350 से 1000 तक करने की बात की थी पर किया नहीं। 75 साल से ऊपर वालों को 1500 करने की बात की थी लेकिन किया नहीं। अब तो मुख्यमंत्री बघेल और कांग्रेस को यह विश्वास हो चला है कि कांग्रेस की सत्ता से विदाई तय है, इसलिए फर्जी घोषणाएँ करने में लगे हैं। श्री बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की तो राजनीतिक उत्पत्ति ही फर्जीवाड़े से हुई है, वह क्या बताएंगे? सन 1993 में भी फॉर्म चेंज करके इनको विधायक की टिकट मिली थी और आज यह बड़ी-बड़ी बात कर रहे हैं।
आंगनवाड़ी, मितानिन, कोटवार, पंचायत सचिव, संविदा कर्मचारी, मध्याह्न भोजन, रोजगार सहायक, सबको बघेल सरकार ने छला है। मुख्यमंत्री बघेल ने और एक बात बोले थे कि डी.ए. देंगे, जिसके लिए कर्मचारी-अधिकारी पूरे 5 साल हड़ताल कर कहते रहे कि केंद्र के समान डी.ए. दे दो, पर नहीं दिया। श्री बघेल ने कहा कि जब हमने अपने घोषणा पत्र में यह वादा किया कि इस डी.ए. को हम उसके एरियर्स को उनके जी.पी.एफ. में समायोजित कर देंगे, तब मुख्यमंत्री चुनाव आयोग को अनुमति के लिए पत्र लिख रहे हैं। मुख्यमंत्री बघेल ने छत्तीसगढ़ को मजाक समझ रखा है। छत्तीसगढ़ के लोगों ने इतना मान सम्मान दिया, मुख्यमंत्री बघेल को कुछ तो शर्म रखनी चाहिए। लोग समझदार हैं, छत्तीसगढ़ की जनता अब कांग्रेस और उसकी भूपेश सरकार के बहकावे में नहीं आने वाली है।
गृहलक्ष्मी योजना के 15 हजार देने की घोषणा पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान को लेकर पाटन विधानसभा के प्रत्याशी विजय बघेल ने किया पलटवार…@ajayjamwalbjp @vijaybaghelcg @VijayBaghelOff @VijaySahuINCCG @ArunSao3 pic.twitter.com/LkIIt2n9ZP
— Sarnath Express News (@SarnathNews) November 13, 2023
भाजपा सांसद और पाटन से भाजपा प्रत्याशी श्री बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ पर 82 हजार करोड़ रुपए का कर्ज है और छत्तीसगढ़ की जनता यह मान चुकी है कि अगर भूल से भी कांग्रेस को सत्ता में आने का मौका मिल गया तो कांग्रेस की सरकार छत्तीसगढ़ को बेचने की कोई कसर नहीं छोड़ेगी। यह भूपेश सरकार के नाकारेपन का परिचायक है और अब भी बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं। हार के डर से कुछ भी करेंगे और कहेंगे, यह सब अब नहीं चलने वाला है। छत्तीसगढ़ की जनता अब अच्छी तरह जान गई है और पाटन की जनता अब मुख्यमंत्री बघेल की रग-रग से वाकिफ हो गई है। श्री बघेल ने कहा कि इस फर्जीवाड़े के बहकावे में पाटन और प्रदेश की जनता न आए। मुख्यमंत्री बघेल सिर्फ झूठ बोलते हैं, झूठ बोलने की मशीन है और इन कांग्रेसियों के डीएनए में ही झूठ है। श्री बघेल ने छत्तीसगढ़ की सभी माता बहनों से, किसान भाइयों से, सभी वर्गों से अपील की है कि वे भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाएँ। भाजपा जो कहती है, वह करती है। कांग्रेस जो कहती है, वह कतई नहीं करती; यह 5 साल के कांग्रेस कुशासन में हम सबने देखा है।
फर्ज़ी आदमी ने गृहलक्ष्मी योजना के नाम पर एक और फर्ज़ी घोषणा कर दी…
श्री @vijaybaghelcg जी
माननीय सांसद, दुर्ग pic.twitter.com/Wql53VK8Zv— BJP Chhattisgarh (@BJP4CGState) November 12, 2023















