भारतीय क्रिकेट टीम का वर्ल्ड कप 2023 में अब तक बेहद ही शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है। इसमें विराट कोहली का भी अहम योगदान रहा है जिन्होंने बल्ले से कमाल दिखाया। अब वह सचिन तेंदुलकर का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने के करीब हैं…
नईदिल्ली (ए)। भारत की मेजबानी में खेले जा रहे वनडे वर्ल्ड कप 2023 अब अपने आखिरी दौर में पहुंच गया है। अब तक तीन टीमों ने सेमीफाइनल में अपनी जगह को बना लिया है, जिसमें भारत के अलावा साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया की टीम शामिल है। टीम इंडिया ने अभी तक आठ मैच खेले हैं और सभी में अपनी विरोधी टीम को धूल चटाने का काम किया है। भारत की तरफ से बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिला है। वहीं विराट कोहली का बल्ला भी खूब बोलता दिखाई दे रहा है, इस वर्ल्ड कप में 2 शतक लगाने में भी कामयाब हुए हैं। अब वह सचिन तेंदुलकर का वर्ल्ड कप इतिहास एक बड़ा कीर्तिमान तोड़ने के भी काफी करीब पहुंच गए हैं।
वर्ल्ड कप के इतिहास में अभी तक एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम पर है। साल 2003 में खेले गए वनडे वर्ल्ड कप में सचिन के बल्ले से 11 पारियों में 61.18 के औसत से 673 रन बनाए थे। इस दौरान सचिन के बल्ले से एक शतकीय और छह अर्धशतकीय पारियां देखने को मिली थी।
वहीं विराट कोहली अब तक वर्ल्ड कप 2023 में आठ पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 108.60 के औसत से 543 रन बना चुके हैं। कोहली का सचिन का ये रिकॉर्ड तोड़ने के लिए 130 रनों की और दरकार है। अभी भारत को अपना आखिरी लीग मैच खेलने के अलावा सेमीफाइनल मैच भी खेलना और यदि टीम फाइनल में अपनी जगह बना लेती है तो इससे कोहली को कम से कम तीन पारियां खेलने को मिलेंगे, जिससे वह सचिन के इस बड़े रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं।
विराट कोहली के अलावा साउथ अफ्रीकी विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक भी सचिन के इस रिकॉर्ड को तोड़ने के करीब हैं। डी कॉक अब तक 8 पारियों में 68.75 के औसत से 550 रन बना चुके हैं। ऐसे में इन दोनों ही बल्लेबाजों के पास वर्ल्ड कप के इतिहास में एक बड़ा कीर्तिमान रचने का शानदार मौका भी है।














