प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से मुख्यमंत्री को नोटिस भेजा गया है. ईडी ने सोमवार को नोटिस जारी करते हुए उन्हें आगामी 2 नवंबर को पूछताछ के लिए बुलाया है…
नईदिल्ली (ए)। दिल्ली की नई शराब नीति से जुड़े मामले को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को नोटिस भेजा गया है. ईडी ने सोमवार (30 अक्टूबर) को नोटिस जारी करते हुए उन्हें आगामी 2 नवंबर को पूछताछ के लिए बुलाया है। इससे पहले सोमवार को ही दिल्ली शराब नीति मामले में जमानत के लिए सुप्रीम कोर्ट पहुंचे आम आदमी पार्टी की सरकार के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को बड़ा झटका लगा था. सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें बेल देने से इनकार कर दिया था।
AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल को दिल्ली की नई शराब नीति से जुड़े मामले में पूछताछ के लिए नोटिस भेजा गया है. इससे पहले मुख्यमंत्री को CBI अप्रैल महीने में पूछताछ के लिए बुला चुकी है।
‘आम आदमी पार्टी को खत्म करना चाहती है केंद्र सरकार’ अरविंद केजरीवाल को नोटिस मिलने पर दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि जिस तरह से ED ने 2 तारीख का समन अब अरविंद केजरीवाल को भेजा है, उससे साफ हो गया है कि केंद्र सरकार किसी भी तरह आम आदमी पार्टी को खत्म करना चाहती है. इसलिए कोशिश की जा रही है कि अरविंद केजरीवाल को जेल भेजा जाए और आम आदमी पार्टी को खत्म कर दिया जाए।
अरविंद केजरीवाल से पूछे गए थे 56 सवाल पीटीआई के मुताबिक, इसी साल अप्रैल के महीने में सीबीआई की पूछताछ के बाद अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि केंद्रीय जांच ब्यूरो ने रविवार को अपनी पूछताछ में उनसे आबकारी नीति के संबंध में 56 सवाल पूछे. गौरतलब है कि केजरीवाल सुबह 11.05 बजे सीबीआई मुख्यालय में जांच में शामिल हुए और लगभग 8.15 बजे समाप्त होने से पहले पूछताछ 9 घंटे तक चली थी।
‘पूरा मामला फर्जी है’ दिल्ली के सीएम ने सीबीआई की पूछताछ खत्म होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा था कि उनसे 56 सवाल पूछे गए और उन्होंने सभी के जवाब दिए. केजरीवाल ने कहा था, ‘AAP एक कट्टर ईमानदार पार्टी है. हमने कुछ भी गलत नहीं किया. उन्होंने मुझसे 56 सवाल पूछे. पूरा मामला फर्जी है. उनके पास हमारे खिलाफ कुछ भी नहीं है. कोई सबूत नहीं है. पूरा मामला गंदी राजनीति का है ‘















