BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

कांग्रेस MLA के घर से मिली युवक की लाश: इलाके में मचा हड़कंप, डॉग स्क्वायड और एफएसएल की टीम के साथ जांच मे जुटी पुलिस

शरीर पर मारपीट के निशान भी हैं. आशंका है कि किसी बात को लेकर दोनों में बहस हुई होगी जिसके बाद पीट-पीटकर पीयूष की हत्या कर दी गई होगी…

नवादा (ए)। हिसुआ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक नीतू सिंह के नरहट थाना क्षेत्र के खनवां रोड स्थित पैतृक घर नरहट से शनिवार 28 अक्टूबर को दोपहर के बाद एक युवक का शव बरामद किया गया है. शव को विधायक के देवर सुमन सिंह के कमरे से बरामद किया गया है. इस घटना को लेकर विधायक नीतू कुमारी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि जिस घर से लाश मिली है उससे अब उनका कोई वास्ता नहीं है. उनके पति और देवर के बीच 10 साल पहले ही बंटवारा हो चुका है, इसलिए इस पूरे प्रकरण से उनका नाम जोड़ना उचित नहीं है।

मृतक की पहचान टुनटुन सिंह के पुत्र पीयूष कुमार (28-30 साल) के रूप में की गई है. पीयूष विधायक के निजी सहयोगी प्रिंस का भाई था. यह परिवार विधायक के दूर का रिश्तेदार भी है. हालांकि अभी घटना का कारण साफ नहीं हो सका है, लेकिन शक की सुई विधायक के देवर के पुत्र गोलू कुमार की ओर घूम रही है जो फरार है. शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

घटना की जानकारी मिलने पर एसपी अंबरीष राहुल, रजौली एसडीपीओ पंकज कुमार सहित नरहट, सिरदला, परनाडाबर, मेसकौर थाने की पुलिस खनवां पहुंची. इस मामले में मृतक पीयूष कुमार की मां ने बताया कि उनका बेटा शुक्रवार की शाम करीब सात बजे रोटी लेकर गोलू के पास गया था. होटल से मुर्गा भी मंगवाया गया था. दोनों का साथ में ही खाने का प्रोग्राम था. रात 12 तक पीयूष लौट कर नहीं आया तब वो दरवाजा बंद कर सोने चली गईं. अगले दिन सुबह भी पीयूष घर नहीं लौटा तो दोपहर बाद खोजते हुए वे गोलू के कमरे में गईं तो वहां पीयूष की लाश पड़ी थी. शरीर पर मारपीट के निशान भी हैं. आशंका है कि किसी बात को लेकर दोनों में बहस हुई होगी जिसके बाद पीट-पीटकर पीयूष की हत्या कर दी गई होगी।

गोलू फरार, गिरफ्तारी के लिए हो रही छापेमारी: एसपी एसपी अंबरीष राहुल ने बताया कि प्राथमिक जांच के अनुसार पीयूष विधायक के देवर के पुत्र के साथ खाने-पीने निकला था. घर से ही रोटी लेकर गया था. अगले दिन नरहट थानाध्यक्ष को विधायक के घर से पीयूष का शव मिलने की जानकारी मिली. घटना के बाद से गोलू फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. घटना में संलिप्त अन्य लोगों के बारे में भी पता लगाया जा रहा है. फिलहाल यह जानकारी मिली है कि विधायक पूरे परिवार के साथ पटना में हैं।

बुलाई गई डॉग स्क्वायड और एफएसएल की टीम घटना को लेकर मौके पर डॉग स्क्वायड और एफएसएल की टीम को बुलाया गया. देर शाम तक शव कमरे में ही पड़ा था. एसपी ने बताया कि वैज्ञानिक तरीके से जांच कर साक्ष्य इकट्ठा किए जा रहे हैं. साथ ही फिंगरप्रिंट की जांच करने वाली स्पेशल टीम को भी बुलाया गया है. सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

Related Posts