रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ में महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. उन्होंने आगामी लोकसभा चुनाव में बीजेपी को स्पष्ट बहुमत मिलने की बात कही…
लखनऊ (ए)। रक्षा मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने शनिवार (28 अक्टूबर) को दावा किया कि अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव में एक बार फिर स्पष्ट बहुमत के साथ नरेन्द्र मोदी ही देश के प्रधानमंत्री बनेंगे. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने संसदीय क्षेत्र में सदर गुरुद्वारा चौराहे पर महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बात ये बातें कही।
मोदी बनेंगे 2024 में प्रधानमंत्री विपक्षी इंडिया गठबंधन इंडिया की चुनौतियों को लेकर उन्होंने कहा, ‘‘आप आश्वस्त रहिए, देश की जनता का पूरा भरोसा हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति है. 2024 के चुनाव में नरेन्द्र मोदी ही स्पष्ट बहुमत के साथ देश के प्रधानमंत्री बनेंगे. यह केवल मैं ही नहीं कह रहा हूं, बल्कि बहुत सारे राजनीतिक विश्लेषक भी इस सच्चाई को स्वीकार कर रहे हैं।’’
जहां भारतीय हैं वहां रामलीला होता है रक्षा मंत्री ने आगे कहा, ‘‘आज महर्षि वाल्मीकि की जयंती है. इस अवसर पर मैं अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र (लखनऊ) में हूं. इसलिए मैंने फैसला किया कि कहीं न कहीं जाकर महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा पर माल्यार्पण करूंगा और अपनी श्रद्धा प्रकट करुंगा. उसी सिलसिले में यहां आया हुआ हूं. सारा विश्व जानता है कि रामायण के रचयिता वाल्मीकि थे और राम के चरित्र का उन्होंने जो चित्रण किया है, उसी आधार पर आज भारत में ही नहीं, बल्कि दुनिया के जिस किसी देश में भारतीय रहते हैं, वहां रामलीला का मंचन होता है।”
वाल्मीकि जयंती पर दी बधाई रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, ‘‘मेरा मानना है कि महर्षि वाल्मीकि के राम केवल राजा ही नहीं थे, बल्कि वह लोकनायक भी थे. वह संस्कार पुरुष थे, युग पुरुष थे, अवतार पुरुष थे. वह धर्म की प्रतिमूर्ति और मर्यादा पुरुषोत्तम भी थे. मैं महर्षि वाल्मीकि के प्रति हृदय से अपनी गहरी आस्था की अभिव्यक्ति करता हूं और वाल्मीकि जयंती के अवसर पर समस्त देशवासियों को हार्दिक बधाई देता हूं।”















