
जीपीएम। पुलिस महानिदेशक छत्तीसगढ़ डी॰एम॰ अवस्थी, IPS के द्वारा पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों के स्वास्थ्य और कल्याण हेतु स्पंदन कार्यक्रम लाँच किया गया है जिसके बैनर तले आज जीपीएम पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार, IPS के निर्देशन में ज़िला पुलिस द्वारा पुलिसकर्मियों को अवसाद और तनाव से बचाने के लिए माँ कल्याणिका स्कूल के ऑडोटोरियम हाल में कार्यशाला का आयोजन किया गया।
पुलिस अधिकारियों तथा जवानों की मौजूदगी में सोशल डिसटेंसिंग का पालन करते हुए इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया । इस आयोजन में मेंटर/मोटिवेटर/वक़्ता के रूप में स्वयं पुलिस अधीक्षक के अलावा विषय विशेषज्ञ जे.पी. पुष्य, नरेन्द्र तिवारी, हरीश शर्मा, तथा विद्यालय प्रिंसिपल डॉ. विनीत गाबा मौजूद थे।
स्पंदन कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस जवानों को मानसिक तनाव से दूर रखना एवं जवानों के सामान्य जरूरतों या समस्याओं से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत करा उस समस्या के निराकरण के लिए पहल करना है। जिला मुख्यालय में योग तथा खेलकूद के माध्यम से भी जवानों को प्रोत्साहित करना है।
स्पंदन कार्यक्रम को लेकर पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने कहा कि 'पहला सुख निरोगी काया' का होना बहुत जरूरी है, ड्यूटी के साथ-साथ खेलकूद, योगा बहुत जरूरी है। जिससे व्यक्ति मानसिक एवं शारीरिक रूप से स्वस्थ रह सके। इसी को ध्यान में रखते हुए नए जिले की पुलिस लाइन में वोलीबाल कोर्ट और योगा हाल बनाकर बराबर आयोजन किया जा है।
कार्यशाला में आये हुए अतिथियों के द्वारा उपस्थित पुलिस के अधिकारियों एवं जवानों को मानसिक व शारीरिक तनाव से कैसे दूर रहे आदि के बारे में विस्तार से बताया गया । विशेष यह रहा कि श्री हरीश शर्मा के द्वारा विपशयना , ध्यान और प्राणायाम के माध्यम से कैसे शरीर को निरोग रख कर मानसिक व शारीरिक रूप से स्वस्थ रख सकते है जवानों को मूर्तरूप में कराकर बताया गया।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने कहा कि आगामी उपचुनाव में पुलिस का कार्य बढ़ने वाला है जिसके लिए यह आयोजन और भी ज़रूरी था। इस तरह के आयोजन भविष्य में आगे भी होते रहेंगे ताकि हम व हमारे जवान मुस्तेदी व डबल ऊर्जा के साथ कार्य कर सकें।






