BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय टीम को दी पाकिस्तान पर जीत की बधाई, 141वें अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति सत्र किया उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शनिवार को 14 अक्टूबर को जियो वर्ल्ड सेंटर में 141वें अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) सत्र को संबोधित मुंबई पहुंचे थे…

मुंबई (ए)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुंबई में 141वें अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति सत्र का उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया को बधाई दी. पीएम मोदी ने कहा कि 40 साल के अंतराल के बाद भारत में IOC सत्र आयोजित होना हमारे लिए बहुत गर्व की बात है.पीएम ने कहा, मैं टीम इंडिया और तमाम भारतीयों पाकिस्तान के खिलाफ मिली इस ऐतिहासिक जीत के लिए बधाई देता हूं. भारत ने बहुत शानदार जीत हासिल की है. स्पोर्ट्स भारत की संस्कृति का एक अहम हिस्सा रहा है. आप भारत के गांवों में जाएंगे, तो पाएंगे कि बिना स्पोर्ट्स के हमारा हर फेस्टीवल अधूरा है. हम भारतीय सिर्फ स्पोर्ट्स लवर्स नहीं हैं, बल्कि उसे जीने वाले हैं।”

उन्होंने कहा, “भारत अपनी देश में ओलंपिक के आयोजन के लिए उत्साहित है. 2036 में ओलंपिक के सफल आयोजन की तैयारी में भारत अपने प्रयासों में कोई कसर नहीं छोड़ेगा, ये 140 करोड़ भारतीयों का बरसों पुराना सपना है. भारत 2029 में होने जा रहे यूथ ओलंपिक के आयोजन के लिए भी उत्सुक है… हमारा मानना है कि भारत को IOC का समर्थन मिलता रहेगा।”

क्रिकेट को ओलंपिक में शामिल करने की सिफारिश
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, “यह सुनकर हर कोई खुश है कि IOC एग्जिक्यूटिव बोर्ड ने क्रिकेट को ओलंपिक में शामिल करने की सिफारिश की है. हमें उम्मीद है कि जल्द ही हमें इस बारे में कुछ पॉजिटिव खबर मिलेगी।”

भारत ने पाकिस्तान को हराया: कुलदीप, जडेजा, सिराज, बुमराह और हार्दिक की घातक गेंदबाजी के बाद रोहित शर्मा की तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने पाकिस्तान को अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में 117 गेंद पहले 7 विकेट से हरा दिया. वनडे वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की यह लगातार आठवीं जीत है. इसके साथ ही पाकिस्तान का वर्ल्ड कप में भारत को हराने का सपना एक बार फिर पूरा नहीं हो सका।

बल्लेबाजों की मददगार पिच पर भारतीय गेंदबाजों ने दमदार प्रदर्शन किया और पाकिस्तान को सिर्फ 191 रनों पर ढेर कर दिया. इसके बाद अहमदाबाद में रोहित शर्मा का तूफाना आया और बाबर आजम की टीम को उड़ा ले गया. रोहित ने पाक गेंदबाजों की जमकर धुनाई की. हिटमैन ने सिर्फ 63 गेंदों में 86 रनों की धुआंधार पारी खेली. हालांकि, वह शतक से चूक गए. इस दौरान भारतीय कप्तान ने 6 चौके और 6 छक्के लगाए. 2023 वर्ल्ड कप में भारत की यह लगातार तीसरी जीत है।

इससे पहले पाकिस्तान से मिले 192 रनों के मामूली से लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को शुभमन गिल और रोहित शर्मा ने तूफानी शुरुआत दिलाई. गिल 11 गेंदों में चार चौकों की मदद से 16 रन बनाकर आउट हुए. उन्हें शाहीन अफरीदी ने पवेलियन भेजा. इसके बाद किंग कोहली और रोहित ने पाक गेंदबाजों की धुनाई शुरू की. हालांकि, कोहली तीन चौकों की मदद से 18 रन बनाकर आउट हो गए।

गिल और कोहली के आउट होने के बाद भी रोहित ने आक्रामक रवैया जारी रखा और मैदान के चारों तरफ बड़े-बड़े शॉट्स खेले. इस दौरान रोहित ने वनडे में 300 छक्के भी पूरे कर लिए. हालांकि, भारतीय कप्तान शतक नहीं लगा सके. रोहित को 86 के निजी स्कोर पर शाहीन अफरीदी ने पवेलियन भेजा. इस दौरान हिटमैन ने 6 चौके और 6 छक्के लगाए. अंत में श्रेयस अय्यर 62 गेंदों में 53 रनों पर नाबाद लौटे. अपनी अर्धशतकीय पारी में अय्यर ने 3 चौके और 2 छक्के लगाए. उनके साथ केएल राहुल 19 रनों पर नाबाद रहे।

इससे पहले भारतीय गेंदबाजों ने बल्लेबाजों की मददगार पिच पर कमाल कर दिया. जसप्रीत बुमराह, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, हार्दिक पांड्या और मोहम्मद सिराज ने दो-दो विकेट चटकाए. पाकिस्तान के लिए बाबर आजम ने सबसे ज्यादा 50 रन बनाए।

Related Posts