वर्ल्ड कप 2023 का आगाज आज 5 अक्टूबर से होने जा रहा है. पूरे 46 दिन तक मैच खेले जानें हैं. इस पूरे टूर्नामेंट की क्या अहम बातें हैं, यहां जानें…
नईदिल्ली (ए)। वर्ल्ड कप 2023 के आगाज में अब ज्यादा वक्त नहीं बचा है. आज 05 अक्टूबर से इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के साथ ही इस टूर्नामेंट की शुरुआत हो जाएगी. वनडे वर्ल्ड कप का यह 13वां संस्करण होगा. भारत में आयोजित हो रहा यह टूर्नामेंट अलग-अलग शहरों के 10 स्टेडियम में खेला जाएगा. इस वर्ल्ड कप से जुड़ी A टू Z डिटेल्स यहां जानें…
1. कितनी टीमें ले रही हैं हिस्सा?
इस बार वर्ल्ड कप में 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं. इनमें भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और नीदरलैंड्स की टीमें शामिल हैं।
2. कितने मुकाबले खेले जाएंगे और क्या है फॉर्मेट?
पूरे वर्ल्ड कप में कुल 48 मुकाबले खेले जाएंगे. सबसे पहले राउंड रॉबिन मुकाबले होंगे. इस स्टेज में एक टीम बाकी सभी 9 टीमों के साथ एक-एक मुकाबला खेलेगी. जिन चार टीमों के पास सबसे ज्यादा अंक होंगे, वे टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेगी. दो सेमीफाइनल मुकाबलों के बाद फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
3. कब से कब तक खेले जाएंगे मुकाबले?
वर्ल्ड कप के मुकाबले 5 अक्टूबर से शुरू होंगे और 19 अक्टूबर को फाइनल होगा. यानी कुल 46 दिन तक यह टूर्नामेंट चलता रहेगा. सभी मुकाबलों के लिए दो समय निर्धारित हैं. दिन में होने वाले मुकाबले सुबह 10.30 बजे शुरू होंगे और डे-नाइट मुकाबलों की शुरुआत दोपहर 2 बजे से होगी।
4. किन-किन वेन्यू पर खेले जाएंगे मैच?
भारत के 10 शहरों में मैच आयोजित किए जाएंगे. इनमें अहमदाबाद, दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, लखनऊ, पुणे, बेंगलुरु, हैदराबाद और धर्मशाला, शामिल हैं।
5. कहां देखें लाइव स्ट्रीमिंग और टेलीकास्ट?
वर्ल्ड कप 2023 मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग डिज्नी+हॉटस्टार पर देखी जा सकती है. वहीं टीवी पर मैचों का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के चैनलों पर देख सकते हैं।
6. क्या रिजर्व डे भी रखे गए हैं?
दोनों सेमीफाइनल और फाइनल मैच के लिए रिजर्व डे रखा गया है. निर्धारित मैच की तारीख के अगले दिन रिजर्व डे रखे गए हैं।
7. इस बार क्या अलग?
इस वर्ल्ड कप में टीमों की संख्या पिछले वर्ल्ड कपों के मुकाबले काफी कम रखी गई है. सबसे बड़ी बात यह है कि शुरुआती दो वर्ल्ड कप जीतने वाली वेस्टइंडीज टीम इस बार वर्ल्ड कप का हिस्सा नहीं है. विंडीज टीम इस बार क्वालिफाई नहीं कर पाई थी।
8. सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले कहां खेले जाएंगे?
फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. वहीं, सेमीफाइनल मुकाबले वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई और ईडन गार्डंस, कोलकाता में खेले जाएंगे।
9. कब और कहां होगी भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत?
यह महामुकाबला 14 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे शुरू होगा. अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में यह मुकाबला आयोजित होगा।
10. मेजबानी में इस बार क्या है अनोखी बात?
यह पहली बार है जब भारत अकेले वनडे वर्ल्ड कप की मेजबानी करेगा. इससे पहले 1987, 1996 और 2011 में भारत ने दक्षिण एशियाई देशों के साथ मिलकर वर्ल्ड कप की संयुक्त मेजबानी की थी।
वर्ल्ड कप इतिहास में भारतीय टीम किन टीमों पर हावी रही है और किन टीमों के खिलाफ उसे ज्यादा शिकस्त झेलना पड़ी है…
IND vs AUS: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच हुए वर्ल्ड कप मुकाबलों में ऑस्ट्रेलिया ने 8 मैच जीते हैं, जबकि भारत के हिस्से केवल 4 जीत आई हैं।
IND vs NZ: वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड का पलड़ा भी भारत पर हावी रहा है. न्यूजीलैंड ने टीम इंडिया को 5 मैचों में हराया है, वहीं 3 मैचों में भारतीय टीम को जीत मिली है।
IND vs ENG: इंग्लैंड भी वर्ल्ड कप में टीम इंडिया पर भारी रही है. भारतीय टीम को इंग्लैंड के हाथों 4 शिकस्त का सामना करना पड़ा है, 3 मैचों में उसे जीत भी मिली है।
IND vs SA: दक्षिण अफ्रीका ने भारतीय टीम को 3 वर्ल्ड कप मैचों में हराया है, जबकि भारतीय टीम 2 मुकाबलों में विजय रही है।
IND vs SL: श्रीलंका के खिलाफ टीम इंडिया का वर्ल्ड कप रिकॉर्ड बराबरी का रहा है. दोनों टीमों ने 4-4 मैच जीते हैं
IND vs BAN: वर्ल्ड कप में बांग्लादेश के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड बेहतर है. भारत को बांग्लादेश के खिलाफ 3 मैचों में जीत मिली है और 1 में हार का सामना करना पड़ा है।
IND vs AFG: भारत और अफगानिस्तान के बीच अब तक केवल एक वर्ल्ड कप मैच हुआ है, जिसे भारत ने जीता है।
IND vs NED: भारतीय टीम ने नीदरलैंड्स के खिलाफ अपने दोनों वर्ल्ड कप मुकाबले जीते हैं।
IND vs PAK: भारत का पाकिस्तान के खिलाफ वर्ल्ड कप रिकॉर्ड सबसे लाजवाब रहा है. दोनों टीमों के बीच 7 मुकाबले हुए हैं और सभी मैच भारत ने जीते हैं।















