पीएम मोदी मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में अपनी जनसभा के दौरान कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे. पीएम उन जगहों पर जाएंगे जहां बीजेपी पिछले चुनाव में पीछे थी…
नईदिल्ली (ए)। पांच राज्यों की विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. पार्टी के सभी बड़े नेता पिछले कुछ दिनों से जनसभा और रैली कर रहे हैं. वोटरों का ध्यान खींचने के लिए खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अब मोर्चा संभाल लिया है. पीएम मोदी अगले छह दिनों में एक मेगा चुनावी अभियान चलाने वाले हैं।
इस अभियान के तहत वह चार चुनावी राज्यों में आठ सार्वजनिक सभाएं करेंगे. पीएम इन दौरों के दौरान ग्वालियर, जबलपुर, जगदलपुर और जोधपुर में करोड़ों रुपये की कई परियोजनाओं का अनावरण भी कर सकते हैं. मध्य प्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में पीएम की दो-दो रैलियां होंगी. कुल मिलाकर पीएम को 6 दिन में 8 रैलियां करनी हैं. आइए जानते हैं पीएम का पूरा शेड्यूल…
रविवार (1 अक्टूबर) आज रविवार (1 अक्टूबर) को पीएम तेलंगाना के महबूबनगर में रहेंगे. यहां वह 13,500 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे. महबूबनगर चुनावी दृष्टिकोण से काफी महत्वपूर्ण माना जाता है. तेलंगाना के सीएम के.चंद्रशेखर (केसीआर) यहां से एक बार सांसद रह चुके हैं।
सोमवार (2 अक्टूबर) पीएम 2 अक्टूबर को राजस्थान के चित्तौड़गढ़ और मध्य प्रदेश के ग्वालियर में होंगे. यहां वह दो जनसभा को संबोधित करेंगे. 2018 में हुए मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन नहीं किया था. ऐसे में मोदी यहां वोटरों को लुभाने की पूरी कोशिश करेंगे।
मंगलवार (3 अक्टूबर) इस दिन प्रधानमंत्री मोदी छत्तीसगढ़ के जगदलपुर और तेलंगाना के निजामाबाद में जनसभा को संबोधित करेंगे. जगदलपुर बस्तर जिले में स्थित है, जो कभी नक्सली गतिविधियों का गढ़ था. वहीं निजामाबाद केसीआर की बेटी कविता का गढ़ माना जाता है. 2019 में भाजपा के जीतने से पहले कविता 2014 में निजामाबाद से सांसद चुनी गई थीं।
गुरुवार (5 अक्टूबर) 5 अक्टूबर को पीएम राजस्थान के जोधपुर में होंगे, जो मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का गढ़ है. यहां जनसभा को संबोधित करने के बाद पीएम मोदी मध्य प्रदेश के जबलपुर जाएंगे और यहां भी रैली को संबोधित करेंगे।















