रविचंद्रन अश्विन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इंदौर वनडे मैच के दौरान एक खास रिकॉर्ड अपने नाम किया. उन्होंने कुंबले को पीछे छोड़ दिया है…
इंदौर (ए)। भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए इंदौर में जीत दर्ज की. टीम इंडिया की इस जीत में बल्लेबाजों के साथ-साथ गेंदबाजों का भी अहम योगदान रहा. स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने 7 ओवरों में 41 रन देकर 3 विकेट लिए. उन्होंने इस मुकाबले के दौरान एक खास रिकॉर्ड अपने नाम किया. वे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए. इस मुकाबले के दौरान भारत के लिए शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर ने शतक जड़ा. भारत ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है।
भारत के लिए गेंदबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे ज्यादा विकेट अनिल कुंबले ने लिए हैं. लेकिन अश्विन ने उन्हें अब पीछे छोड़ दिया है. अश्विन ने कुल 144 विकेट हासिल किए हैं. जबकि कुंबले ने 142 विकेट लिए हैं. किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाजों की लिस्ट में कपिल देव भी हैं. कपिल देव ने पाकिस्तान के खिलाफ 141 विकेट लिए हैं. कुंबले ने पाकिस्तान के खिलाफ 135 विकेट लिए हैं.
गौरतलब है कि भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है. भारत ने पहला वनडे 5 विकेट से जीता था. दूसरे वनडे में 99 रनों से जीत दर्ज की. भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 50 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान के साथ 399 रन बनाए. इस दौरान शुभमन गिल ने 104 रनों की बेहतरीन पारी खेली. वहीं श्रेयस अय्यर ने 105 रन बनाए. इसके जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 217 रनों के स्कोर पर ऑल आउट हो गई. यह मुकाबला बारिश की वजह से प्रभावित रहा. इस वजह से ओवर कम कर दिए गए थे।
भारत के लिए अश्विन ने 7 ओवरों में 41 रन देकर 3 विकेट लिए. रवींद्र जडेजा ने 5.2 ओवरों में 42 रन देकर 3 विकेट लिए. प्रसिद्ध कृष्णा ने 6 ओवरों में 56 रन देकर 2 विकेट लिए।















