BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्डविविध

फ्रांस के अब UAE पहुंचा रुपया-यूपीआई: IIT दिल्ली खोलेगा UAE में कैंपस, मास्टर डिग्री प्रोग्राम जनवरी 2024 से किए जाएंगे शुरू

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस की यात्रा पूरी करने के बाद आज शनिवार को संयुक्त अरब अमीरात पहुंचे हैं. इसी दौरान दो अहम समझौते किए गए हैं…

नईदिल्ली (ए)। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूएई के दौरे पर पहुंचे हुए हैं. उनके इस दौरे कई बड़े-बड़े कयास लगाए जा रहे हैं. पीएम के इस दौरे के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है कि भारत और यूएई के बीच एक एमओयू साइन हुआ है. जिसके तहत आईआईटी दिल्ली यूएई में कैंपस खोलेगा. इससे यूएई में रह रहे  भारतीय मूल के लोगों को भी काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार आईआईटी दिल्ली जनवरी 2024 से यूएई में मास्टर डिग्री प्रोग्राम प्रारम्भ कर देगा. जबकि बैचलर डिग्री प्रोग्राम को शुरू करने में थोड़ा वक्त लगेगा. हालांकि उन प्रोग्राम को भी अगले साल सितम्बर तक शुरू कर दिया जाएगा. केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने दोनों देशों के मध्य शैक्षणिक सहयोग और नॉलेज ट्रांसफर पहल का स्वागत किया है।

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली आईआईटी मद्रास के बाद देश के बाहर कैंपस स्थापित करने की घोषणा करने वाला दूसरा आईआईटी बन गया है. पिछले दिनों आईआईटी मद्रास ने तंजानिया के ज़ांज़ीबार में एक कैम्पस स्थापित करने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए थे।

​प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोनों देशों के सम्बन्धों को गहरा करने के लिए शनिवार संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ बातचीत की और घोषणा की कि दोनों देश अपनी मुद्राओं में व्यापार समझौता शुरू करने पर सहमत हैं।

भारतीय करेंसी रुपया और स्वदेशी पेमेंट टेक्नोलॉजी यूपीआई की पहुंच अब संयुक्त अरब अमीरात तक हो गई है. इस तरह रुपये और यूपीआई के अंतरराष्ट्रीयकरण में एक और नई उपलब्धि जुड़ गई है. इससे दोनों देशों के बीच भुगतान आसान हो जाने वाला है। रिजर्व बैंक ने शनिवार को एक आधिकारिक बयान में इसे लेकर हुए समझौते की जानकारी दी. रिजर्व बैंक ने कहा कि उसने स्थानीय मुद्राओं यानी भारतीय रुपये और संयुक्त अरब अमीरात के दिरहम में क्रॉस-बॉर्डर ट्रांजेक्शन को बढ़ावा देने के लिए यूएई के सेंट्रल बैंक के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किया है. इसके अलावा दोनों सेंट्रल बैंकों के बीच पेमेंट व मैसेजिंग सिस्टम को इंटरलिंक करने पर भी समझौता हुआ है।

बैंकिंग व भुगतान के क्षेत्र में ये दो बड़े समझौते ऐसे समय हुए हैं, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संयुक्त अरब अमीरात की यात्रा पर गए हैं. प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस की यात्रा पूरी करने के बाद आज शनिवार को ही संयुक्त अरब अमीरात पहुंचे हैं. इससे पहले फ्रांस में भी प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी में यूपीआई की शुरुआत की गई।

Related Posts