पीएम मोदी अमेरिकी संसद की संयुक्त सभा को 22 जून को संबोधित करेंगे. वह 21 से 24 जून तक अमेरिका की आधिकारिक राजकीय यात्रा पर होंगे…
नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अमेरिकी संसद (कांग्रेस) की संयुक्त सभा को संबोधित करने का निमंत्रण मिला है. निमंत्रण के अनुसार 22 जून को पीएम मोदी अमेरिकी कांग्रेस की संयुक्त सभा को संबोधित करेंगे. हाल में 1 जून को अमेरिका से आए निमंत्रण पर पीएम मोदी ने आभार जताया है।
पीएम मोदी ने मंगलवार 6 जून को को ट्वीट किया, ”मैं सुखद निमंत्रण के लिए हाउस स्पीकर केविन मैक्कार्थी, सीनेट के रिपब्लिकन नेता मैककोनेल, सीनेट मेजॉरिटी लीडर चक शूमर और सदन के डेमोक्रेटिक नेता हकीम जेफरीज को सुखद आमंत्रण के लिए धन्यवाद देता हूं।”
ट्ववीट में पीएम मोदी ने आगे लिखा, ”मैं इसे (निमंत्रण) स्वीकार कर सम्मानित महसूस कर रहा हूं और एक बार फिर कांग्रेस की संयुक्त बैठक को संबोधित करने की प्रतीक्षा कर रहा हूं. हमें अमेरिका के साथ हमारी व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी पर गर्व है, जो साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, लोगों से लोगों के बीच मजबूत संबंधों और वैश्विक शांति और समृद्धि के लिए एक अटूट प्रतिबद्धता की नींव पर बनी है।”
अमेरिकी हाउस स्पीकर केविन मैक्कार्थी ने 2 जून को पीएम मोदी के लिए निमंत्रण पत्र ट्वीट करते हुए लिखा था, ”भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 22 जून को होने वाली कांग्रेस की ज्वाइंट मीटिंग के लिए आमंत्रित करना मेरे लिए सम्मान की बात है. यह अमेरिका और भारत के बीच स्थायी दोस्ती का जश्न मनाने और दोनों देशों के सामने आने वाली वैश्विक चुनौतियों पर बात करने का अवसर होगा।”
जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 से 24 जून तक अमेरिका में अपनी आधिकारिक राजकीय यात्रा (ऑफिशियल स्टेट विजिट) पर होंगे. अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन व्हाइट हाउस में पीएम मोदी की मेजबानी करेंगे. पीएम मोदी अपने अबतक के नौ साल के कार्यकाल में कई बार अमेरिका की यात्रा कर चुके हैं लेकिन आधिकारिक राजकीय यात्रा पर वह पहली बार अमेरिका जाएंगे. आधिकारिक राजकीय दौरा कई मामलों में अलग होता है।
राजकीय दौरों को मैत्रीपूर्ण द्विपक्षीय संबंधों की शीर्ष अभिव्यक्ति माना जाता है और यह आधिकारिक सार्वजनिक समारोहों से भरा होता है. विदेश मंत्रालय के मुताबिक, राष्ट्रपति जो बाइडेन और अमेरिका की प्रथम महिला जिल बाइडेन के निमंत्रण पर 22 जून को पीएम मोदी राजकीय रात्रिभोज में भी शामिल होगे. किसी भारतीय प्रधानमंत्री की ओर से अमेरिका की अंतिम आधिकारिक राजकीय यात्रा नवंबर 2009 में तत्कालीन पीएम मनमोहन सिंह ने की थी।









