रविवार 28 मई का दिन बीजेपी के लिए अहम माना जा रहा है. कल ही वीर सावरकर की जयंती है, पीएम मोदी की ‘मन की बात’ का प्रसारण और देश की नई संसद का उद्घाटन होना है…
नईदिल्ली (ए)। भारतीय स्वाधीनता संग्राम के महानायक विनायक दामोदर सावरकर का जन्म महाराष्ट्र के नासिक जिले के भगूर ग्राम में 28 मई 1883 को हुआ था. रविवार 28 मई को वीर सावरकर की जयंती है. उन्हें सुबह 10:30 बजे सेंट्रल हॉल में श्रद्धांजलि दी जाएगी. इस दौरान सभी बीजेपी सांसद मौजूद रहेंगे।
इसी के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का प्रसारण भी होना है. सुबह 11 बजे वीर सावरकर को श्रद्धांजलि देने के बाद सभी बीजेपी सांसद संसद भवन के बालयोगी ऑडिटोरियम में ‘मन की बात’ सुनेंगे. सभी बीजेपी सांसदों को सेंट्रल हॉल में मौजूद रहने के लिए कहा गया है।
नए संसद भवन का उद्घाटन ‘मन की बात’ कार्यक्रम के तुरंत बाद, संसद के नवनिर्मित भवन के लोकार्पण कार्यक्रम के लिए 11.45 बजे तक सांसदों को अपनी सीट ग्रहण करनी है. इसके अलावा कल ही दोपहर 12 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद के नए भवन का उद्घाटन भी करेंगे. उससे पहले सुबह 7 बजे से हवन पूजन का कार्यक्रम शुरू हो जाएगा।
दोपहर दो बजे तक चलेंगे कार्यक्रम सुबह 7:30 से 8:30 बजे तक हवन और पूजा होगी. पूजा के लिए पंडाल गांधी मूर्ति के पास लगाया जाएगा. इस मौके पर एक सिक्के और स्टांप को भी रिलीज किया जाएगा. सबसे आखिर में प्रधानमंत्री का संबोधन होगा और इसी के साथ वह नई संसद भवन का उद्घाटन करेंगे. माना जा रहा है कि लगभग दोपहर 2 से 2.30 बजे तक कार्यक्रम का समापन होगा।
नए संसद भवन के उद्घाटन समारोह को लेकर बवाल वहीं, दूसरी तरफ वीर सावरकर की जयंती के दिन नए संसद भवन का उद्घाटन करने को लेकर सियासी घमासान मचा हुआ है. कांग्रेस लगातार मांग कर रही है कि उद्घाटन समारोह की तारीख बदली जाए. इसके साथ ही विपक्ष के कई नेता पीएम मोदी के हाथों उद्घाटन होने को लेकर भी विरोध कर रहे हैं और समारोह का बहिष्कार करने की घोषणा कर चुके हैं।









