BREAKING

देश-दुनियाफीचर्डविविध

आईपीएल का पहला शतक लगाया शुभमन गिल ने, गुजरात की तरफ से सर्वाधिक निजी स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज भी बने

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में शुभमन गिल ने अपने आईपीएल करियर का पहला शतक लगाया. इससे पहले गिल का आईपीएल में सर्वाधिक स्कोर 96 रन था…

हैदराबाद (ए)। शुभमन गिल का आईपीएल के 16वें सीजन में लगातार शानदार प्रदर्शन देखने को मिल रहा है. सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में गिल ने अपने आईपीएल करियर का पहला शतक लगाने में कामयाबी हासिल की. गिल का इस मुकाबले से पहले आईपीएल में सर्वाधिक स्कोर 96 रन था. हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में गिल ने अपना शतक 56 गेंदों में पूरा किया।

सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने इस मुकाबले में टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. इसके बाद गुजरात की टीम ने अपना पहला विकेट शून्य के स्कोर पर रिद्धिमान साहा के रूप में गंवा दिया. शुभमन गिल ने यहां से साई सुदर्शन के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 147 रनों की साझेदारी करते हुए टीम को बड़े स्कोर की तरफ लेकर जाने का काम किया।

गिल ने इस मुकाबले में अपना अर्धशतक 22 गेंदों में पूरा किया था. इसके बाद गिल ने तेजी के साथ रन बनाने का सिलसिला जारी रखते हुए 56 गेंदों में आईपीएल में अपना पहला शतक पूरा किया. गिल इस मुकाबले में 58 गेंदों में 13 चौके और 1 छक्के के मदद से 101 रनों की पारी खेलने के बाद पवेलियन लौटे।

गुजरात टाइटंस की टीम से आईपीएल में अब पहला शतक लगाने का रिकॉर्ड भी शुभमन गिल के नाम पर दर्ज हो गया है. इससे पहले आईपीएल में गुजरात के लिए सर्वाधिक निजी स्कोर बनाने का रिकॉर्ड गिल के नाम ही दर्ज था, जो उन्होंने साल 2022 में खेले गए सीजन में पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में बनाया था. गिल ने अभी तक इस सीजन 13 पारियों में 48 के औसत से 576 रन बनाए हैं. इसमें 1 शतकीय पारी के साथ 4 अर्धशतकीय पारियां भी दर्ज हैं।

Related Posts