BREAKING

देश-दुनियाफीचर्डविविध

दिल्ली को पहली जीत दर्ज करने के लिए लगाना पड़ा ऐड़ी चोटी का जोर, प्वॉइंट्स टेबल में हुआ फेरबदल

128 रनों के स्कोर का पीछा करते हुए दिल्ली की टीम ने अपने 6 विकेट गंवा दिए थे. इसके बाद टीम ने 4 गेंद शेष रहते हुए इस मुकाबले को अपने नाम किया…

नईदिल्ली (ए)। आईपीएल के 16वें सीजन में दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने आखिरकार अपनी लगातार 5 हार के सिलसिले को खत्म करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुकाबले को 4 विकेट से अपने नाम किया. 128 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की टीम ने अपने 6 विकेट जरूर गंवा दिए थे, लेकिन अंत में टीम ने 4 गेंद शेष रहते हुए इस मैच को अपने नाम किया. टीम की तरफ से कप्तान डेविड वॉर्नर ने सर्वाधिक 57 रनों की पारी खेली।

128 रनों के स्कोर का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की टीम की तरफ से कप्तान डेविड वॉर्नर और पृथ्वी शॉ की ओपनिंग जोड़ी मैदान पर उतरी. दोनों के बीच में पहले विकेट के लिए 38 रनों की तेज साझेदारी देखने को मिली. पृथ्वी शॉ इस मैच में 11 गेंदों में 13 रनों की पारी खेलने के बाद वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर बोल्ड आउट हो गए. इसके बाद पहले 6 ओवरों का खेल समाप्त होने पर दिल्ली की टीम ने 1 विकेट के नुकसान पर 61 रन बना लिए थे।

कोलकाता नाइट राइडर्स के गेंदबाजों की तरफ से इस मैच में वापसी भी देखने को मिली जब उन्होंने दिल्ली की टीम को पहले 62 के स्कोर पर मिचेल मार्श और फिर 67 के स्कोर पर फिल सॉल्ट के रूप में तीसरा झटका देने का काम किया. यहां से डेविड वॉर्नर ने मनीष पांडे के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 30 गेंदों में 26 रनों की साझेदारी की।

दिल्ली की टीम को 93 के स्कोर पर चौथा झटका कप्तान डेविड वॉर्नर के रूप में लगा जो 41 गेंदों में 57 रनों की पारी खेलकर पवेलियन लौटे. इसके बाद दिल्ली की टीम को 2 और झटके 110 और 111 के स्कोर पर लगे जब मनीष पांडे और अमन हकीम खान भी अहम समय पर पवेलियन लौट गए।

111 के स्कोर पर 6 विकेट गंवा चुकी दिल्ली कैपिटल्स की टीम एक बार फिर से दबाव में दिखाई दे रही थी. पिच पर मौजूद अक्षर पटेल ने इस अहम समय पर टीम के लिए 22 गेंदों में 19 रनों की नाबाद पारी खेलने के साथ लक्ष्य तक पहुंचाने का काम किया. कोलकाता के लिए इस मुकाबले में वरुण चक्रवर्ती, अनुकूल रॉय और कप्तान नितीश राणा ने 2-2 विकेट अपने नाम किए।

इस मैच में कोलकाता की पारी को लेकर बात की जाए तो वह काफी निराशाजनक कही जा सकती है. टीम की तरफ से जेसन रॉय 43 और आंद्रे रसेल के बल्ले से 38 रनों की नाबाद पारी देखने को मिली. इसके अलावा कोलकाता टीम के 8 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी छूने में कामयाब नहीं हो सके. कोलकाता की पारी 20 ओवरों में 127 रन बनाकर सिमट गई. दिल्ली की तरफ से इस मैच में इशांत शर्मा, एनरिक नॉर्खिया, अक्षर पटेल और कुलदीप यादव ने 2-2 विकेट अपने नाम किए।

दिल्ली की जीत और केकेआर की हार के बाद प्वॉइंट्स टेबल मे कोई फेरबदल देखने को नहीं मिला है. इस जीत के बाद दिल्ली ने 2 प्वॉइंट्स  हासिल किए. हालांकि टीम की पोज़ीशन में कोई फर्क नहीं आया. पहले की तरह ही टीम प्वॉइंट्स टेबल में आखिरी यानी 10वें स्थान पर मौजूद है. वहीं केकेआर की भी पोज़ीशन में भी कोई बदलाव नहीं हुआ है।

इस मैच से पहले भी केकेआर आठवें स्थान पर मौजूद थी, तब टीम के पास 5 मैचों में 2 जीत और +0.320 का नेट रनरेट मौजूद था. लेकिन अब 6 में से 2 के बाद टीम का नेट रनरेट +0.199 का हो गया है. केकेआर के नेट रनरेट में गिरावट देखने को मिली है. वहीं दिल्ली की टीम भी 10वें पोज़ीशन से नहीं हिली. हालिंक इस जीत के बाद टीम का नेट रनरेट -1.183 का हो गया है।

प्वॉइंट्स  टेबल में राजस्थान रॉयल्स 6 में से 4 जीत और 8 प्वॉइंट्स  के साथ अव्वल नंबर पर मौजूद है. वहीं टीम का नेट रनरेट +1.043 का है. इसके अलावा लखऊन सुपर जायंट्स 6 में से 4 जीत, 8 प्वॉइंट्स और +0.709 नेट रनरेट के साथ दूसरे, चेन्नई 5 में से 3 जीत, 6 प्वॉइंट्स  और +0.265 नेट रनरेट के साथ तीसरे, गुजरात टाइटंस 5 में से 3 जीत और +0.192 नेट रनरेट के साथ चौथे, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 6 में से 3 जीत, 6 प्वॉइंट्स  और -0.068 नेट रनरेट के साथ पांचवें, मुंबई 5 में से 3 जीत, 6 प्वॉइंट्स  और -0.164 नेट रनरेट के साथ छठे, पंजाब किंग्स 6 में से 3 जीत, 6 प्वॉइंट्स  और -0.298 नेट रनरेट के साथ सातवें और कोलकाता 6 में से 2 जीत, 4 प्वॉइंट्स  और +0.199 नेट रनरेट के साथ आठवें नंबर पर बनी हुई है।

वहीं बाकी दो टीमों में सनराइजर्स हैदराबाद 5 में से 2 जीत, 4 प्वॉइंट्स  और -0.798 नेट रनरेट के साथ नौंवें और दिल्ली कैपिटल्स अपनी इकलौती जीत और 2 प्वॉइंट्स  व -1.183 नेट रनरेट के साथ आखिरी नंबर यानी 10वें स्थान पर काबिज़ है।

Related Posts